Russia-Ukraine War News Live Updates: यूक्रेन के चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट से अब कोई डाटा नहीं मिल पा रहा है। इस प्लांट पर अब रूस का कब्जा हो गया है। चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट के कर्मचारी अब रूसी सैनिकों की बंदूक की नोक पर काम कर रहे हैं। इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी के चीफ राफेल ग्रॉसी (Rafael Grossi) ने कहा है कि उन्हें अब चर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट से कोई डाटा नहीं मिल रहा है।
रूस और यूक्रेन के बीच बुधवार को 14वें दिन भी युद्ध जारी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से बुधवार को बातचीत की और बताया कि मैक्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने पर चर्चा हुई है। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेस्की ने कहा कि अब वह NATO की मेंबरशिप के लिए ज़ोर नहीं दे रहे हैं। यही वो मामला था जिसकी वजह से रूस ने यूक्रेन पर हमला किया है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि वह समझौता करने को तैयार है। मॉस्को के साथ शांति कायम करने के संकेत देते हुए राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि, वह दो अलग-अलग रूस समर्थक क्षेत्रों दोनेत्स्क (Donetsk) और लुहांस्क (Luhansk) की स्थिति पर समझौता करने के लिए तैयार हैं, जिसे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला शुरू करने से ठीक पहले स्वतंत्र क्षेत्र के रूप में मान्यता दी थी।