Russia Ukraine War: अचानक यूक्रेन पहुंचीं अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी जिल बाइडन, कनाडा के PM ने भी किया औचक दौरा

Russia Ukraine War: जिल बाइडन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की पत्नी ओलेना जेलेंस्की (Olena Zelenska) से मुलाकात की

अपडेटेड May 08, 2022 पर 10:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अचानक यूक्रेन पहुंचे कानाडा के PM और अमेरिका की प्रथम महिला (FILE PHOTO)

Russia Ukraine War: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) की पत्नी और देश के प्रथम महिला जिल बाइडन (Jill Biden) रविवार को अचानक पश्चिमी यूक्रेन (Ukraine) पहुंचीं। यहां उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) की पत्नी ओलेना जेलेंस्की (Olena Zelenska) से मुलाकात की।

इसके साथ ही जिल रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन (Russia Attack Ukraine) जाने वाली अमेरिकी हस्तियों में शुमार हो गईं। जिल ने ओलेना से कहा, "मैं मदर्स डे (Mothers Day 2022) पर यहां आना चाहती थी। मुझे लगा कि यूक्रेन के लोगों को यह दिखाना चाहिये कि अमेरिका के लोग उनके साथ खड़े हैं।"

दोनों की मुलाकात यूक्रेन सीमा से लगे स्लोवाकिया के गांव में स्थित एक स्कूल में हुई। दोनों ने एक छोटी सी कक्षा में बैठकर एक दूसरे से बात की। जिल दो घंटे तक यूक्रेन में रहीं।

Alina Kabaeva: कौन हैं व्लादिमीर पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड अलीना, जिन्हें कहा जाता है रूस की 'सीक्रेट फर्स्ट लेडी'


ओलेना ने इस "साहसिक कदम" के लिए जिल का आभार जताया। उन्होंने कहा, "हम समझ सकते हैं कि युद्ध के दौरान अमेरिका की प्रथम महिला के यहां आने का क्या महत्व है। वह ऐसे समय में यहां आई हैं, जब रोजाना सैन्य हमले हो रहे हैं।"

इससे पहले, मार्च में पोलैंड की यात्रा के दौरान जो बाइडन ने कहा था कि वह इस बात को लेकर निराश हैं कि वह अपनी आंखों से हालात देखने के लिए यूक्रेन नहीं जा सकते, क्योंकि संभवत: सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें इसकी इजाजत नहीं है। हाल में व्हाइट हाउस (White House) ने कहा था कि राष्ट्रपति यूक्रेन जाना चाहते हैं, लेकिन फिलहाल इसकी कोई योजना नहीं हैं।

अचानक ही पहुंचा कनाडा के प्रधानमंत्री

वहीं बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी यूक्रेन पहुंचे, जहां उन्होंने तबाह हो चुके शहर इरपिन का दौरा किया। यूक्रेन के मीडिया संस्थान 'सस्पिलने' और इरपिन के मेयर ओलेक्जेंद्र मार्कुशिन ने यह जानकारी दी है।

युद्ध की शुरुआत में कीव पर कब्जा करने के कोशिश में रूसी सैनिकों की गोलाबारी में इरपिन को भीषण नुकसान हुआ था।

कनाडा के अधिकारियों ने ट्रूडो की यात्रा के बारे में अभी कोई बयान जारी नहीं किया है। यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए पश्चिमी देशों के नेताओं के दौरे के तहत ट्रूडो इस यात्रा पर आए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।