Texas School Firing : अमेरिका में टेक्सास के एक स्कूल में भीषण गोलीबारी में 18 बच्चों सहित 21 लोगों की मौत हो गई। इस वारदात को एक 18 साल के किशोर ने अंजाम दिया। घटना के बाद जवाबी कार्रवाई में हमलावर की मौत हो गई है। अधिकारियों ने कहा, इस ताजा सामूहिक हत्याकांड से साफ है कि अमेरिका बंदूक से हिंसा की महामारी की चपेट में है।
बाइडेन बोले-हम कब तक गन लॉबी के लिए खड़े रहेंगे
इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (joe biden) ने भी दुख जताया है। राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, अब एक्शन लेने का समय है। हमें उन लोगों को बताने की जरूरत है जो इस तरह कानून के खिलाफ जाकर बंदूक उठाते हैं, हम उन्हें माफ नहीं करेंगे।
जो बाइडेन (joe biden) ने कहा कि एक राष्ट्र के रूप में, हमें खुद से पूछना होगा कि भगवान के नाम पर हम कब तक 'गन-लॉबी' के लिए खड़े होंगे और इसके खिलाफ क्या कर सकते हैं? जो माता-पिता अपने बच्चों को फिर कभी नहीं देख पाएंगे, उनके बारे में सोचने की जरूरत है।
ताबड़तोड़ फायरिंग, 21 की मौत
हमलावर ने स्कूल में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें अब तक 18 बच्चों की मौत (America School Firing Many students Death) हो गई है। वहीं शिक्षक समेत 3 लोगों की जान गई है। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने कहा कि हमलावर की पहचान 18 वर्ष सल्वाडोर रामोस के रूप में हुई है। अधिकारियों ने कहा कि उसने अकेले इस सामूहिक हत्याओं को अंजाम दिया है।
मारे गए बच्चों की उम्र 7 से 10 साल के बीच की है। हालांकि, इस घटना की वजह अभी तक मालूम नहीं चली है। सीबीएस न्यूज ने जांच अधिकारियों के हवाले से बताया, ऐसा समझा जाता है कि हमलावर ने स्कूल जाने से पहले अपनी ग्रांडमदर को गोली मार दी थी। उन्होंने कहा, इसके अलावा उनके पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
टेक्सास में राष्ट्रीय शोक
वहीं टेक्सास में हुए हमले के बाद राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया गया है। व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय झंडे को आधा झुका दिया गया है। राष्ट्रपति बाइडेन के निर्देश पर सभी सरकारी कार्यालयों पर झंडों को आधा झुकाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमलावर शख्स स्कूल का ही पुराना छात्र बताया जा रहा। घटना सैन एंटोनियो के 80 किमी (50 मील) पश्चिम में एक छोटे से इलाके उवाल्डे की है। हमलावर शख्स ने वारदात से पहले अपनी गाड़ी स्कूल के बाहर ही छोड़ दी। फिर स्कूल में घुसने के साथ ही बंदूक से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
10 दिन पहले बफैलो, न्यूयॉर्क में एक शख्स ने 10 लोगों की हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने एक 18 वर्षीय शख्स को आरोपी बनाया था। इसके बारे में बताया जाता है कि यह शख्स सैकड़ों मील की यात्रा करने के बाद बफैलो आया था और उसने एक ग्रॉसरी स्टोर पर असॉल्ट स्टाइल राइफल से गोलीबारी शुरू कर दी थी।