Get App

Tokyo Paralympics: भारत को मिला दूसरा गोल्ड, सुमित अंतिल ने जैवलीन थ्रो में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

सुमित अंतिल ने पुरूषों की भालाफेंक F64 इवेंट में वर्ल्ड रिकार्ड के साथ अव्वल रहे

MoneyControl Newsअपडेटेड Aug 31, 2021 पर 9:21 AM
Tokyo Paralympics: भारत को मिला दूसरा गोल्ड, सुमित अंतिल ने जैवलीन थ्रो में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

भाला फेंकने वाले (Javelin throw) सुमित अंतिल (Sumit Antil) ने टोक्यो पैरालिंपिक 2020 (Tokyo Paralympics 2020) खेलों में भारत को दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया। सुमित अंतिल ने 68.55 के विश्व रिकॉर्ड प्रयास के साथ पुरुषों की भाला फेंक F64 इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। इसी की साथ पैरालिंपिक में भारत को अब तक सात मेडल मिल चुके हैं। इससे पहले निशानेबाज अवनि लेखरा ने सुबह महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 इवेंट का गोल्ड मेडल जीता था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर सुमित अंतिल को बधाई दी है। उन्होंने कहा, "पैरालंपिक में सुमित अंतिल के रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन पर देश को गर्व है। सुमित को स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।"

हरियाणा के सोनीपत में पैरा जेवलिन थ्रोअर खिलाड़ी सुमित अंतिल के परिवार के सदस्य और दोस्तों ने डांस कर जश्न मनाया। सुमित अंतिल ने टोक्यो पैरालिंपिक में 68.55 मीटर के विश्व रिकॉर्ड थ्रो के साथ पुरुषों की भाला फेंक में इवेंट मेडल जीता। 

23 साल के सुमित ने अपने पांचवें प्रयास में 68.55 मीटर दूर तक भाला फेंका, जो दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और एक नया विश्व रिकार्ड था। 2015 में मोटर बाइक दुर्घटना में उन्होंने बायां पैर घुटने के नीचे से गंवा दिया था। उन्होंने 62.88 मीटर के अपने ही पिछले विश्व रिकार्ड को दिन में पांच बार बेहतर किया। हालांकि उनका अंतिम थ्रो ‘फाउल’ रहा। उनके थ्रो की सीरीज 66.95, 68.08, 65.27, 66.71, 68.55 और फाउल रही।

आस्ट्रेलिया के मिचाल बुरियन (66.29 मीटर) और श्रीलंका के डुलान कोडिथुवाक्कू (65.61 मीटर) ने क्रमश: सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते। F64 स्पर्धा में एक पैर कटा होने वाले एथलीट कृत्रिम अंग (पैर) के साथ खड़े होकर हिस्सा लेते हैं।

दिल्ली के रामजस कॉलेज के छात्र अंतिल दुर्घटना से पहले पहलवान थे। दुर्घटना के बाद उनके बायें पैर को घुटने के नीचे से काटना पड़ा। उनके गांव के एक पैरा एथलीट 2018 में उन्हें इस खेल के बारे में बताया।

वह पटियाला में 5 मार्च को पटियाला में इंडियन ग्रां प्री सीरीज 3 में ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा के खिलाफ खेले थे, जिसमें वह 66.43 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ सातवें स्थान पर रहे थे, जबकि चोपड़ा ने 88.07 मीटर के थ्रो से अपना राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा था। अंतिल ने दुबई में 2019 वर्ल्ड चैम्पियनशिप में F64 भाला फेंक स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। 

सब समाचार

+ और भी पढ़ें