लेबनान में अमेरिकी दूतावास ने शनिवार को अपने नागरिकों से 'कोई भी टिकट' लेकर तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। US ने इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच युद्ध और क्षेत्रीय संघर्ष बढ़ने की आशंकाओं के बीच ये एडवाइजरी जारी की है। दूतावास के बयान में कहा गया है कि फ्लाइट सस्पेंड और रद्द होने के बावजूद, "लेबनान छोड़ने के लिए और भी कई कमर्शियल ट्रांसपोर्टेशन उपलब्ध हैं।"
इसमें कहा गया, "हम लेबनान छोड़ने की इच्छा रखने वाले लोगों से ये कहना चाहते हैं कि किसी भी तरह का टिकट बुक कर लें, भले ही वो फ्लाइट तुरंत उड़ान न भरने वाली हो या फिर वो किसी भी दूसरे रूट से जाने वाली हो।"
ब्रिटने ने भी तुरंत निकलने को कहा
इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष और युद्ध की आशंका के बीच, वहीं ब्रिटेन सरकार ने भी शनिवार को लेबनान में अपने नागरिकों से तुरंत देश छोड़ने का आग्रह किया।
विदेश मंत्री डेविड लैमी ने एक बयान में कहा, "तनाव बहुत ज्यादा है और स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है। हम लेबनान में अपनी कांसुलर सर्विस को मजबूत करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं, वहां ब्रिटिश नागरिकों को हमार संदेश साफ है- तुरंत निकलें।"
स्वीडन ने शिफ्ट किया अपना दूतावास
स्वीडन दुश्मनी बढ़ने के डर से बेरूत में अपना दूतावास बंद करने वाला पहला देश था। इसने अपने नागरिकों से शनिवार को लेबनान छोड़ने की अपील की थी। इसने अपने दूतावास को भी अस्थायी रूप से साइप्रस में शिफ्ट कर दिया।
विदेश मंत्री टोबियास बिलस्ट्रॉम ने स्वीडिश रेडियो को बताया, "विदेश मंत्रालय ने अपने कर्मचारियों को बेरूत छोड़ने और साइप्रस जाने का निर्देश दिया है, और विदेश मंत्रालय अपने दूतावास के अस्थायी शिफ्टिंग की योजना बना रहा है।"
इजरायल और अमेरिका पर उठ रहे सवाल
हमास नेता इस्माइल हानिया (Ismail Haniyeh) की हत्या के बाद इलाके में तनाव बरकरार है। ईरान और फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह का आरोप है कि उसे इजरायल ने मार डाला। इजरायल ने हानिया की मौत से न तो इनकार किया है और न ही इसकी जिम्मेदारी ली है।
ईरान ने हानिया की मौत में अमेरिका की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। अमेरिका ने कहा है कि उसे इस्माइल हानिया की हत्या के बारे में न तो जानकारी है और न ही वो इसमें शामिल था।
मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा अमेरिका
पेंटागन ने कहा कि वो अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा और इजरायल की रक्षा के लिए मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है।
ईरान ने कहा है कि उसका एक प्रतिनिधि अब हानिया की हत्या का बदला लेने के लिए इजरायल को निशाना बनाएगा। समाचार एजेंसी AFP की एक रिपोर्ट के अनुसार, संकेत मिल रहे हैं कि लेबनानी समूह हिजबुल्लाह को इजरायल पर हमले को अंजाम देने के लिए कहा जा सकता है।