विमान यात्रा के दौरान क्रू मेम्बर्स (Crew Members) से बदतमीजी करना ठीक नहीं। हाथ चलाने के बारे में तो सोचना भी नहीं चाहिए। फ्लाइट अटेंडेंट को घूंसा मारने वाली एक महिला को जेल की सजा हुई है। यह वाकया अमेरिका का है। कैलिफोर्निया की एक महिला विमान यात्रा के दौरान अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाई। उसने अटेंडेंट के चेहरे पर घूंसा मारा। इससे अटेंडेंट की दांत टूट गई। उसके चेहरे पर टांके भी लगाने पड़े। अब घूंसा मारने वाली महिला को 15 महीने जेल में काटने होंगे।
यह वाकया साउथवेस्ट एयरलाइंस का है। 29 साल की विवयाना क्विनोनेज 23 मई, 2021 को साउथवेस्ट की फ्लाइट से सैकरामेंटो से सैन डियागो जा रही थी। विमान के लैंड करने से पहले अटेंडेंट ने विवयाना को सीट बेल्ट बांधने, ट्रे टेबल डाउन करने और फेस मास्क को सही तरीके से लगाने को कहा। विवयाना ने अपने मोबाइल फोन पर अटेंडेंट का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। फिर उसके चेहरे पर घूंसा मार दिया। अटेंडेंट के बाल पकड़कर खींचने लगी। दूसरे यात्रियों के बीच-बचाव के बाद वह शांत हुईं। उस फ्लाइट के दूसरे यात्री ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया।
विवयाना के हमले से अटेंडेंट के तीन दांत टूट गए। उसे चोटें आईं। उसकी बाईं आंख के ऊपर टांके लगाने पड़े। इस मामले की सुनवाई सैन डियागो के फेडरल कोर्ट में हुई। जज ने विवयाना पर हिंसा के लगे आरोपों को सही पाया। उन्होंने 15 महीने की जेल की सजा के साथ ही 26,000 डॉलर बतौर मुआवजा (restitution) और 7,500 रुपये का जुर्माना विवयाना पर लगाया।
कोर्ट ने तीन साल तक विवयाना की विमान यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया। जेल से रिहा होने के बाद उन्हें गुस्सा पर काबू करने से जुड़ा कोर्स भी करना होगा। पिछले साल सुनवाई के दौरान विवयाना ने अटेंडेंट को घूंसा मारने की बात स्वीकार कर ली थी। इस मामले में कोर्ट के फैसले के बाद सरकारी वकील रैंडी ग्रॉसमैन ने एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया है कि पैसेंजर्स की सुरक्षा के लिए काम करने वाले क्रू मेम्बर्स पर हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कोरोना की महामारी के दौरान विमान यात्रा के दौरान पैसेंजर्स की बदतमीजी के मामले बढ़े हैं। इस वजह से अमेरिका में फ्लाइट अटेंडेंट्स की यूनियन ने विमानों में ज्यादा एयर मार्शल तैनात करने की मांग की है। 2021 में अमेरिका में फ्लाइट में पैसेंजर्स की बदतमीजी की 5,000 से ज्यादा शिकायतें मिलीं।