7th Pay Commission: केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (Dearness Allowance, DA) और महंगाई राहत (Dearness Relief, DR) को मौजूदा दर से बढ़ाकर 1 जुलाई, 2021 से 28 फीसदी करने का ऐलान किया। इस कदम से केंद्र सरकार के करीब 48.34 लाख कर्मचारियों तथा 65.26 लाख पेंशनभोगियों को लाभ होगा। अब इन राज्यों ने महंगाई भत्ते (Dearness Allowance) को बढ़ा दिया है।
कर्नाटक सरकार ने महंगाई भत्ते (Dearness Allowance) की अतिरिक्त किस्त जारी करने का आदेश दे दिया है, जो उसने कोविड के कारण फ्रीज कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने जनवरी 2020 से जून 2021 की अवधि के लिए महंगाई भत्ते को मौजूदा दर 11.25 फीसदी से बढ़ाकर 21.5% कर दिया है।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी कर दिया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई से लागू होगा। कुछ दिनों पहले झारखंड की सरकार ने भी DA 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी कर दिया था। उससे पहले केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए DA बढ़ाने का ऐलान किया था।
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने भी अपने कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान किया । राजस्थान सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता 17 से बढ़ाकर 28 प्रतिशत करने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश सरकार भी महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान कर चुकी है ।
केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ताऔर महंगाई राहत को मौजूदा दर से बढ़ाकर एक जुलाई, 2021 से 28 फीसदी करने का ऐलान किया। अब DA की दर को 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 28 फीसदी की जाएगी। इसे एक जुलाई 2021 से लागू किया जाएगा। डीए और डीआर में बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर 34,401 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
पहले 17 फीसदी की दर से DA मिल रहा था जो अब 11 फीसदी बढ़कर यानी 28 फीसदी की दर से मिलेगा। केंद्र सरकार नें जनवरी 2020 के लिए DA को 4 फीसदी बढ़ाया था, 3 फीसदी 2020 में और फिर जनवरी 2021 में DA को 4 फीसदी बढाया गया था लेकिन कर्मचारियों को DA पुरानी 17 फीसदी की दर से ही मिल रहा था।