Petrol Diesel Price: भारत में पिछले चार साल के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, दुनिया के कई हिस्सों में इस दौरान ईंधन के दाम 50 से 70% तक बढ़े हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी में तीन बार कटौती और सरकारी तेल कंपनियों के नुकसान उठाने से आम लोगों पर महंगे कच्चे तेल का असर कम हुआ।
सरकार ने कितनी बार ड्यूटी घटाई?
पुरी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने नवंबर 2021, मई 2022 और 10 मार्च 2026 को सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी में कटौती की। इसके अलावा BPCL, IOCL और HPCL जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने भी कीमतों का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों ने भारी नुकसान उठाया और घाटे में काम किया।
LPG उत्पादन बढ़ाकर 55 हजार टन किया
पुरी ने देश में LPG सिलेंडर की कमी के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने बताया कि घरेलू LPG उत्पादन 34,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 55,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया गया है। उनके मुताबिक, देश के सभी 1.07 लाख रिटेल आउटलेट पर सप्लाई जारी रही। कहीं भी गैस की कमी नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि पिछले संसद सत्र के दौरान गैस की किल्लत को लेकर अफवाहें फैलाई गई थीं। हालांकि, देश में LPG की सप्लाई कभी बाधित नहीं हुई।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की उम्मीद
पेट्रोलियम मंत्री ने माना कि अंतरराष्ट्रीय हालात अब भी ऊर्जा क्षेत्र के लिए चुनौती बने हुए हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध जारी है। वहीं, ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच भी तनाव है। पुरी ने उम्मीद जताई कि ये तनाव कम होंगे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आएगी। इससे भारत को भी राहत मिल सकती है।