8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग पर ये है 5 बड़े अपडेट! जानें कितनी बढ़ेगी सैलरी और कब लागू होगी नई पे-मैट्रिक्स

8th Pay Commission 5 Big Updates: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग को लेकर इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 1 जनवरी 2026 की कट-ऑफ डेट से मिलने वाले एरियर से लेकर 2.86 तक के संभावित फिटमेंट फैक्टर तक, जानिए आपकी बेसिक सैलरी और पेंशन में कितना बड़ा उछाल आने वाला है

अपडेटेड Aug 26, 2026 पर 9:23 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस बार फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 2.86 से 3.68 तक करने की मांग रखी है

8th Pay Commission 5 Big Updates: केंद्र सरकार के 50 लाख से अधिक कर्मचारियों और 65 लाख से अधिक पेंशनर्स के लिए 8वां वेतन आयोग इस समय सबसे बड़ा चर्चा का विषय बना हुआ है। बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी, फिटमेंट फैक्टर और भत्तों को लेकर नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं।

अगर आप भी केंद्रीय कर्मचारी या पेंशनर हैं और जानना चाहते हैं कि आयोग की सिफारिशों से आपकी जेब पर क्या असर पड़ेगा, तो जानिए 8वें वेतन आयोग से जुड़े 5 सबसे बड़े अपडेट।

1. 18 महीने की टाइमलाइन और आयोग का प्रोग्रेस स्टेटस


8वें वेतन आयोग को अपनी अंतिम सिफारिशें सौंपने के लिए सरकार की ओर से दी गई 18 महीने की समयसीमा में से 9 महीना पूरा हो चुका है। इस दौरान आयोग ने अपनी आंतरिक रूपरेखा तैयार करने, डेटा कलेक्शन, और मंत्रालयों व कर्मचारी संगठनों (JCM/NC) से शुरुआती ज्ञापनों को प्रोसेस करने का पहला चरण पूरा कर लिया है। वर्तमान में आयोग राज्यों और अलग-अलग विभागों के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श की प्रक्रिया में आगे बढ़ रहा है, ताकि तय समयसीमा के भीतर ही नए वेतन ढांचे और सिफारिशों की रिपोर्ट सरकार को सौंपी जा सके।

2. 1 जनवरी 2026 से कर्मचारियों को मिलेगा एरियर

आयोग के नियम और शर्तों के अनुसार, 8वें वेतन आयोग के तहत सैलरी बढ़ने की तारीख 1 जनवरी 2026 से तय की गई है। भले ही आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने और सरकार द्वारा इसे लागू करने में कुछ समय ले, लेकिन नए वेतनमान का लाभ 1 जनवरी 2026 से ही दिया जाएगा। यानी कार्यान्वयन की तारीख से पीछे जाकर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बकाया एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा।

3. फिटमेंट फैक्टर पर बड़ा अपडेट

वेतन में होने वाली बढ़ोतरी का सबसे मुख्य आधार फिटमेंट फैक्टर होता है। 7वें वेतन आयोग में इसे 2.57 रखा गया था। नेशनल काउंसिल (NC-JCM) और विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने इस बार फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 2.86 से 3.68 तक करने की मांग रखी है। आर्थिक विश्लेषकों और सरकारी सूत्रों के अनुसार, वित्तीय बजट संतुलन को देखते हुए आयोग 2.25 से 2.57 के बीच फिटमेंट फैक्टर की सिफारिश कर सकता है।

4. न्यूनतम बेसिक सैलरी ₹18,000 से बढ़कर कितनी होगी?

यदि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.25 से 2.57 के बीच तय होता है, तो पे-मैट्रिक्स (Level-1) में भारी उछाल आएगा। 7वें वेतन आयोग के तहत फिलहाल न्यूनतम मूल वेतन ₹18,000 प्रति माह है। नया फिटमेंट फैक्टर लागू होने के बाद न्यूनतम बेसिक सैलरी सीधे ₹40,000 से ₹46,000 प्रति माह के दायरे में पहुंच सकती है। इसी अनुपात में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की न्यूनतम पेंशन, जो वर्तमान में ₹9,000 है, बढ़कर ₹20,000 से ₹23,000 के आसपास हो जाएगी।

5. देशभर में हितधारकों के साथ बैठकें जारी

आयोग का काम सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जमीनी स्तर पर सुझाव ले रहा है। आयोग ने सेना, रेलवे, डाक, सिविल सेवाओं और पेंशन एसोसिएशनों से विस्तृत ज्ञापन आमंत्रित किए हैं।

नई दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में परामर्श दौर पूरा होने के बाद आयोग देश के प्रमुख शहरों में कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ सीधी बैठकें आयोजित कर रहा है ताकि महंगाई दर (CPI-IW) और जीवन यापन की लागत के वास्तविक आंकड़ों का आकलन किया जा सके।

8वें वेतन आयोग के लागू होने से न केवल केंद्रीय कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी बढ़ेगी, बल्कि रिटायर कर्मचारियों को भी बढ़ी हुई पेंशन का बड़ा सहारा मिलेगा। 1 जनवरी 2026 की कट-ऑफ डेट तय होने से यह साफ है कि कर्मचारियों का हक सुरक्षित है और आने वाले महीनों में फिटमेंट फैक्टर पर अंतिम मुहर लगते ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।