8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग का इंतजार है। कर्मचारी एसोसिएशन की तरफ से सैलरी बढ़ाए जाने की मांग में भी तेजी आने लगी है। फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशन (FNPO) ने वेतन बढ़ोतरी को लेकर बड़ा प्रस्ताव रखा है। संगठन ने 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 3.0 से 3.25 तक रखने और सालाना इंक्रीमेंट 3% से बढ़ाकर 5% करने की मांग की है। FNPO ने यह मांग नेशनल काउंसिल (JCM स्टाफ साइड) को भेजे गए एक लेटर में रखी है। यह लेटर करीब 60 पन्नों का है, जिसमें वेतन स्ट्रक्चर, पे मैट्रिक्स, भत्ते, प्रमोशन और इंक्रीमेंट जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है।
FNPO के मुताबिक सभी केंद्रीय कर्मचारी संगठनों से सुझाव मिलने के बाद 25 फरवरी 2026 को JCM की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सभी ड्राफ्ट कमेटी मेंबर्स शामिल होंगे। इसके बाद एक फाइनल ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा, जिसे 8वें वेतन आयोग की चेयरपर्सन को सौंपा जाएगा। इस ड्राफ्ट में सिर्फ पोस्टल कर्मचारी ही नहीं, बल्कि रेलवे और अन्य केंद्रीय कर्मचारियों से जुड़ी मांगें भी शामिल होंगी।
फिटमेंट फैक्टर को लेकर मांग
FNPO का कहना है कि पहले के वेतन आयोगों में भी सभी कर्मचारियों के लिए एक जैसा फिटमेंट फैक्टर नहीं रखा गया था। अलग-अलग जिम्मेदारी और पद के हिसाब से अलग फैक्टर तय किया गया था। इसी आधार पर इस बार भी ग्रेड के हिसाब से अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर की मांग की गई है।
किस लेवल के लिए कितना फिटमेंट फैक्टर
लेवल 1 से 5 (ग्रुप C और D कर्मचारी)
इन कर्मचारियों के लिए 3.0 का फिटमेंट फैक्टर मांगा गया है। संगठन का कहना है कि सबसे ज्यादा महंगाई और वेतन में गिरावट का असर इन्हीं कर्मचारियों पर पड़ा है।
लेवल 6 से 12 (मिडिल लेवल कर्मचारी)
यहां 3.05 से 3.10 तक का फैक्टर सुझाया गया है। वजह है ज्यादा जिम्मेदारी, सुपरविजन और तकनीकी काम।
लेवल 13 से 15 (सीनियर अधिकारी)
इन स्तरों पर 3.05 से 3.15 का फैक्टर रखा गया है, ताकि वेतन में बैलेंस बना रहे और ज्यादा अंतर न आए।
लेवल 16 और उससे ऊपर (टॉप लेवल)
यहां अधिकतम 3.25 का फिटमेंट फैक्टर प्रस्तावित किया गया है।
नई सैलरी कैसी हो सकती है?
FNPO ने एक उदाहरण भी दिया है। अगर लेवल 1 कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो 3.0 फिटमेंट फैक्टर के हिसाब से 8वें वेतन आयोग में यह 54,000 रुपये हो सकती है। वहीं कैबिनेट सेक्रेटरी लेवल पर बेसिक सैलरी 2.5 लाख रुपये से बढ़कर 8.12 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
5% सालाना इंक्रीमेंट की बड़ी मांग
FNPO की दूसरी बड़ी मांग है कि सालाना इंक्रीमेंट 3% से बढ़ाकर 5% किया जाए। संगठन का कहना है कि मौजूदा 3% बढ़ोतरी से कर्मचारियों को फायदा नहीं मिल पा रहा।