8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए ये है 5 बड़े अपडेट! जानिए कब बढ़ेगी आपकी सैलरी और पेंशन
8th Pay Commission Latest Updates: फिलहाल 8वें वेतन आयोग द्वारा किसी भी अंतिम फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम वेतन या संशोधित पेंशन ढांचे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। कर्मचारी संघों द्वारा 3.68 से लेकर 3.83 तक के फिटमेंट फैक्टर की मांग की जा रही है, अब देखना ये है कि आयोग का सुझाव क्या रहता है और सरकार किसे मंजूरी देती है
आयोग की बैठकों के साथ ही कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच फिटमेंट फैक्टर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं
8th Pay Commission Latest News: 1 करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी प्रक्रिया अब पूरी रफ्तार पकड़ चुकी है। जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित आयोग देश भर के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कर्मचारी यूनियनों और पेंशनर ग्रुप्स के साथ अहम बैठकें कर रहा है।
अगर आप भी नए पे-स्ट्रक्चर, बेसिक सैलरी और पेंशन रिवीजन का इंतजार कर रहे हैं, तो 8वें वेतन आयोग के आधिकारिक पोर्टल और हालिया गतिविधियों के आधार पर ये 5 सबसे महत्वपूर्ण अपडेट्स जानना आपके लिए बेहद जरूरी हैं।
1- देश भर में बैठकों का दौर जारी: जयपुर, चंडीगढ़, चेन्नई में सुनवाई
8वां वेतन आयोग अपने परामर्श और विश्लेषण चरण में है। आयोग विभिन्न हितधारकों की शिकायतों और सुझावों को सुनने के लिए लगातार दौरों का आयोजन कर रहा है:
चेन्नई (तमिलनाडु): 7 और 8 सितंबर को परामर्श बैठकें आयोजित की गई हैं।
पुडुचेरी: 9 सितंबर को सुनवाई का समय तय किया गया है।
चंडीगढ़: 16 से 18 सितंबर के बीच केंद्र शासित प्रदेश और आसपास के राज्यों के कर्मचारी संगठनों से मुलाकात होगी।
जयपुर (राजस्थान): 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित बैठकों के लिए आवेदन जमा कराने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
2- कंसल्टेंट्स के नियमों में बदलाव
आयोग ने अपने शोध और प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए कंसल्टेंट्स की नियुक्ति से संबंधित दिशानिर्देशों में आंशिक संशोधन जारी किया है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक आंकड़ों, महंगाई सूचकांकों और देश के विभिन्न क्षेत्रों से आ रहे वित्तीय प्रस्तावों का वैज्ञानिक और सटीक विश्लेषण करना है।
3- फिटमेंट फैक्टर और मिनिमम सैलरी पर क्या है स्थिति?
आयोग की बैठकों के साथ ही कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच फिटमेंट फैक्टर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। छठे वेतन आयोग (6th CPC) में फिटमेंट फैक्टर 1.86 था, जिसे सातवें वेतन आयोग (7th CPC) में बढ़ाकर 2.57 किया गया था।
फिलहाल 8वें वेतन आयोग द्वारा किसी भी अंतिम फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम वेतन या संशोधित पेंशन ढांचे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। कर्मचारी संघों द्वारा 3.68 से लेकर 3.83 तक के फिटमेंट फैक्टर की मांग की जा रही है, लेकिन अंतिम फैसला आयोग के सुझावों और सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा।
4- पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीधे सुझाव देने का मौका
वेतन आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि वह इस बार की प्रक्रिया को पूरी तरह से लोकतांत्रिक और पारदर्शी बनाना चाहता है। इसीलिए अलग-अलग राज्यों के दौरे कर स्थानीय परिसंघों, पेंशनर एसोसिएशनों और विभाग-वार कर्मचारी प्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं और मांगों को लिखित व मौखिक रूप से रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।
5- कब तक आएगी फाइनल रिपोर्ट और लागू होगा नया पे-स्केल?
3 नवंबर 2025 को गठित इस आयोग को अपनी सिफारिशें और रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने की समयसीमा दी गई है। देशव्यापी बैठकों का सिलसिला पूरा होने के बाद आयोग जमा किए गए सभी आवेदनों का अध्ययन करेगा और अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा। रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा, जिसके बाद केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर ही नया वेतन ढांचा लागू होगा।
कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को क्या ध्यान रखना चाहिए?
8वां वेतन आयोग अभी अपने आकलन और हितधारकों से बातचीत के शुरुआती चरण में है। अभी तक कोई नया वेतन या पेंशन फॉर्मूला आधिकारिक तौर पर पास नहीं हुआ है। सभी कर्मचारियों और पेंशनर्स को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान देने के बजाय 8वें वेतन आयोग के आधिकारिक पोर्टल और वित्त मंत्रालय के आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा करें।