Stock in Focus: पावर यूटिलिटी कंपनी CESC Ltd की सब्सिडियरी पुरवाह ग्रीन पावर प्राइवेट लिमिटेड को मध्य प्रदेश में 153.7 मेगावाट का विंड पावर प्रोजेक्ट बनाने का ठेका मिला है। कंपनी ने यह काम वेनविंड रेफेक्स पावर लिमिटेड को सौंपा है। प्रोजेक्ट को अगले 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है।
विंड टर्बाइन और टावर की सप्लाई भी करेगी कंपनी
वेनविंड रेफेक्स पावर इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत विंड टर्बाइन जनरेटर (WTG) और ट्यूबलर टावर की सप्लाई करेगी। इसके अलावा टर्बाइन की टेस्टिंग, प्री-कमीशनिंग और कमीशनिंग का काम भी संभालेगी। इसमें शॉर्ट टर्म परफॉर्मेंस टेस्ट (STPT) और पावर कर्व वेरिफिकेशन टेस्ट (PCVT) भी शामिल हैं। वेनविंड रेफेक्स पावर, रेफेक्स इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी है।
राजस्थान में 147 MW सोलर प्रोजेक्ट शुरू
CESC ने पिछले हफ्ते अपने रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार को लेकर एक और अपडेट दिया था। कंपनी की स्टेप-डाउन सब्सिडियरी देशराज सोलर एनर्जी ने राजस्थान में 150 मेगावाट के सोलर प्रोजेक्ट में से 147 मेगावाट क्षमता पर कमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
यह प्रोजेक्ट बीकानेर जिले के करणीसर भाटियान गांव में लगा है। कंपनी के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 को इसकी 147 मेगावाट क्षमता चालू हो गई। बाकी बची 3 मेगावाट क्षमता को 31 जनवरी 2027 तक चालू करने का लक्ष्य है।
CESC के शेयर में मामूली तेजी
CESC का शेयर बुधवार को 0.13% की बढ़त के साथ ₹126.09 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 32.06% गिरा है। कंपनी का मार्केट कैप 16.71 हजार करोड़ रुपये है।
CESC का कारोबार सिर्फ बिजली बनाने और बांटने तक सीमित नहीं है। कंपनी पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन के साथ रिन्यूएबल एनर्जी पर भी फोकस बढ़ा रही है। इसकी सब्सिडियरी पुरवाह ग्रीन पावर के जरिए कंपनी सोलर और विंड एनर्जी प्रोजेक्ट में निवेश कर रही है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।