वोडाफोन आइडिया और यस बैंक के शेयरों में पिछले कुछ समय में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इनमें बड़ी संख्या में रिटेल इनवेस्टर्स ने पैसे लगा रखे हैं। सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट मानस जायसवाल ने दोनों स्टॉक के लिए अहम टेक्निकल लेवल बताए हैं। उन्होंने दोनों शेयरों के मौजूदा चार्ट के आधार पर स्टॉप लॉस और संभावित टारगेट की भी जानकारी दी है।
एक्सपर्ट के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया में ₹13 के ऊपर मजबूती आने पर भाव ₹17 तक जा सकता है। वहीं, यस बैंक में ₹20 से ₹20.50 का स्तर पार करना अहम होगा।
वोडाफोन आइडिया के लिए स्टॉप लॉस और टारगेट
मानस जायसवाल के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया के शेयर में अगर किसी ने अगले दो से तीन हफ्तों के नजरिए से ट्रेडिंग पोजीशन बनाई है, तो वह इसे होल्ड कर सकता है। हालांकि, इसके लिए ₹10.95 का सख्त स्टॉप लॉस रखना जरूरी है।
एक्सपर्ट का कहना है कि अगर शेयर इस स्तर के नीचे जाता है, तो लॉन्ग पोजीशन से बाहर निकलना बेहतर होगा। फिलहाल इस शेयर में बड़ी मजबूती के लिए ₹13 का स्तर पार करना जरूरी है। अगर भाव इसके ऊपर टिकता है, तो शेयर में ₹17 तक की तेजी देखने को मिल सकती है।
यस बैंक के शेयरों में क्या करें निवेशक
यस बैंक के शेयर पर मानस जायसवाल ने निवेशकों को धैर्य रखने की सलाह दी है। करीब ₹20 के भाव पर शेयर खरीदने वाले एक निवेशक के सवाल पर उन्होंने कहा कि चार्ट के मुताबिक, शेयर ने ₹15 के आसपास निचला स्तर बना लिया है। हालांकि, अभी ट्रेंड पलटने की पक्की पुष्टि नहीं हुई है।
उनके मुताबिक, मौजूदा निवेशक ₹15 का सख्त स्टॉप लॉस लगाकर अपनी पोजीशन होल्ड कर सकते हैं। शेयर में मजबूती तभी दिखेगी, जब यह अपने 20-वीक मूविंग एवरेज यानी ₹20 से ₹20.50 के दायरे को पार करेगा। अगर यस बैंक इस स्तर के ऊपर निकलने में कामयाब रहता है, तो इसमें ₹27 से ₹28 तक की तेजी आ सकती है।
वोडाफोन और यस बैंक के शेयरों का हाल
वोडाफोन आइडिया का शेयर बुधवार को 1.85% की गिरावट के साथ 11.69 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 16.74% टूटा है। हालांकि, 1 साल में इसने 16.32% का रिटर्न भी दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.27 लाख करोड़ रुपये है।
यस बैंक का स्टॉक भी 0.11% फिसलकर 17.71 रुपये पर क्लोज हुआ। यह शेयर पिछले 6 महीने में 20.55% नीचे आया है। इसका मार्केट कैप 55.53 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।