8th Pay Commission: 1 जनवरी 2026 की इफेक्टिव डेट का क्या है असली गणित? जानें कितना मिलेगा एरियर

8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों का लंबा इंतजार 2027 में खत्म होने वाला है? 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने और सैलरी में बंपर बढ़ोतरी के लिए अभी थोड़ा और वक्त लग सकता है, लेकिन 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की वजह से कर्मचारियों को भारी-भरकम एरियर मिलने की उम्मीद है। फिटमेंट फैक्टर से आपकी बेसिक सैलरी कितनी बढ़ेगी और सरकार का अगला बड़ा कदम क्या होगा? जानें

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 8:42 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की वजह से कर्मचारियों को भारी-भरकम एरियर मिलने की उम्मीद है

8th Pay Commission Update: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत बढ़ी हुई सैलरी और पेंशन के लिए 2027 तक का इंतजार करना पड़ सकता है। 8वां वेतन आयोग केंद्रीय कर्मचारियों, रक्षा कर्मियों, ऑल इंडिया सर्विसेज के अधिकारियों, केंद्र शासित प्रदेशों के स्टाफ और न्यायिक अधिकारियों के वेतन, भत्तों और अन्य लाभों की समीक्षा कर अपनी सिफारिशें देगा।

आयोग का गठन हुए 3 नवंबर 2026 को एक साल पूरा हो चुका है, लेकिन रिपोर्ट सौंपने और सरकार द्वारा इसे लागू किए जाने के बीच का समय यह तय करेगा कि कर्मचारियों के हाथ में बढ़ी हुई सैलरी कब आएगी।

कब तक आएगी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?


वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 3 नवंबर 2025 को एक गजट नोटिफिकेशन जारी कर 8वें वेतन आयोग का गठन किया था:

अध्यक्ष और सदस्य: जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई (सेवानिवृत्त) को आयोग का अध्यक्ष, प्रोफेसर पुलक घोष को अंशकालिक सदस्य और पंकज जैन को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया था।

18 महीने की समयसीमा: आधिकारिक प्रस्ताव के अनुसार, आयोग को अपने गठन की तारीख से 18 महीनों के भीतर (यानी 3 मई 2027 तक) अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपनी है।

परामर्श प्रक्रिया पूरी: आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, यूनियनों और सरकारी विभागों से 5 मार्च से 15 जून 2026 के बीच सुझाव मांगे गए थे, जिसकी समयसीमा अब समाप्त हो चुकी है।

क्या रिपोर्ट आते ही तुरंत बढ़ जाएगी सैलरी?

जी नहीं! रिपोर्ट सौंपना और सैलरी बढ़ना दो अलग-अलग चरण हैं:

सरकार की समीक्षा: आयोग का काम केवल सिफारिश देना है। इसके बाद वित्त मंत्रालय और कैबिनेट इन सिफारिशों की समीक्षा करेंगे।

कैबिनेट से मंजूरी: सरकार तय करेगी कि कौन-सी सिफारिशें स्वीकार करनी हैं और कौन-सी नहीं।

नोटीफिकेशन व ऑर्डर: कैबिनेट से हरी झंडी मिलने के बाद ही मंत्रालयों द्वारा नए पे-स्केल और लागू करने के आदेश जारी किए जाएंगे। इस पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया में कुछ महीनों का समय लग सकता है।

क्या 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी नई सैलरी?

हां, एरियर के साथ! 1 जनवरी 2026 इस पूरे चक्र में बेहद अहम तारीख है। 28 अक्टूबर 2025 को जारी प्रेस रिलीज में सरकार ने कहा था कि हर 10 साल के पारंपरिक पैटर्न के हिसाब से 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी।

अगर सिफारिशें 2027 में लागू होती हैं, तो 1 जनवरी 2026 से लेकर वास्तविक भुगतान की तारीख तक का पूरा बकाया कर्मचारियों को एकमुश्त या किस्तों में मिलेगा।

फिटमेंट फैक्टर से कितनी बढ़ेगी सैलरी? जानिए गणित

कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी आयोग द्वारा प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगी:

क्या है फिटमेंट फैक्टर?: यह एक मल्टीप्लाई होता है, जिससे मौजूदा बेसिक पे को गुणा करके नई बेसिक पे निकाली जाती है।

उदाहरण से समझें: अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक पे ₹18,000 है और 8वां वेतन आयोग 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू करता है, तो नई बेसिक पे सीधे ₹46,260 (18,000×2.57) हो जाएगी।

2027 में आयोग की रिपोर्ट आने और सरकार की मंजूरी के बाद ही कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतन का असली लाभ हाथ में मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।