Silver Price Today: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सर्राफा बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है और आज बाजार खुलते ही इसके दाम में फिर गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का वायदा भाव आज सुबह करीब 0.5% टूट गया। इसके बाद चांदी की कीमत 1,380 रुपये घटकर 2,72,885 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,74,265 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।
हालांकि, अगर साल की शुरुआत से तुलना करें तो चांदी अब भी काफी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। बता दें कि 29 जनवरी को चांदी का वायदा भाव रिकॉर्ड 4,20,048 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था। दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी चांदी के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यहां चांदी 5,000 रुपये सस्ती होकर 2,66,000 रुपये प्रति किलो (सभी टैक्स समेत) पर आ गई। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी की कीमत बढ़कर 75.42 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई।
गुडरिटर्न्स के मुताबिक, चांदी का भाव घटकर करीब 2,80,000 रुपये प्रति किलो रह गया है। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार गुरुवार सुबह तक चांदी की कीमत 2,67,302 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई। अगर आप चांदी के गहने या सिक्के खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो खरीदारी से पहले अपने शहर के ताजा रेट जरूर चेक करें, क्योंकि अलग-अलग शहरों में कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है।