कमजोर वर्ग के मगर होनहार छात्रों के लिए वित्त मंत्रालय से अच्छी खबर आयी है। फाइनेंस मिनिस्ट्री ने सभी पब्लिक सेक्टर बैंकों (PSB) को शिक्षा ऋण (Education Loan) की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, मंत्रालय ने बैंकों को सेंट्रलाइज्ड क्रेडिट प्रोसेसिंग सिस्टम बनाने के लिए भी कहा है। इससे पहले सरकार लोन वितरण में देरी के मुद्दे पर चिंता जता चुकी है। सरकार के निर्देश के बाद बैंक विद्या लक्ष्मी पोर्टल से भी तेजी से जुड़ रहे हैं।
सरकार के निर्देश पर 15 दिन में मिलेगा लोन
वित्त मंत्रालय के निर्देश के बाद बैंक एजुकेशन लोन की प्रक्रिया में तेजी ला रहे हैं। सरकार ने पीएसबी को 15 दिन में शिक्षा ऋण की प्रक्रिया पूरा करने का निर्देश दिया है, जिसके लिए अभी छात्रों को एक महीने तक इंतजार करना पड़ता है। मंत्रालय के निर्देश के मुताबिक किसी कारणवश लोन रिजेक्ट या वापस होने पर इसे सीनियर ऑफीसर ही अप्रूव कर सकता है। साथ ही इसकी स्पष्ट जानकारी आवेदक से भी साझा करनी होगी।
बीते दो वित्त वर्षों में एजुकेशन लोन के आवेदन में 14.5% की गिरावट आयी है, जबकि लोन के तौर पर आवंटित रकम में 13% की कमी आयी है। वित्त वर्ष 2022-23 में 7,36,580 छात्रों ने एजुकेशन लोन के लिए आवेदन किया था और 28,699 करोड़ रुपये लोन के रूप में बांटे गये थे। वहीं, वित्त वर्ष 2023-24 यह घटकर 6,29,594 रह गया। इस साल 24,997 करोड़ रुपये एजुकेशन लोन में दिया गया है।
एजुकेशन लोन पर 7 से 16% है ब्याज दर
देश में अभी प्राइवेट और पब्लिक सेक्टर बैंक 7 से 16% ब्याज दर पर शिक्षा ऋण मुहैया करा रहे हैं। जबकि ग्रामीण बैंकों में यह 8.50 से 13.60% है। अपने देश में पढ़ाई करने पर जहां 50 लाख रुपये तक एजुकेशन लोन मिलता है, वहीं विदेश में कोर्स करने पर 1 करोड़ रुपये तक की राशि बतौर ऋण मिलती है। यह लोन यूजी, पीजी, प्रोफेशनल, डिप्लोमा और स्किल आधारित कोर्स के लिए लिया जाता है। इसे 15 साल की अवधि में चुका सकते हैं। इसके ब्याज पर इनकम टैक्स की धारा 80E के तहत 8 साल तक छूट मिलती है। इसके अलावा, बड़ी राशि के लोन के लिए कोलेट्रल सिक्योरिटी जरूरी होती है। एजुकेशन लोन की मोरेटोरियम अवधि कोर्स पूरा होने के बाद 6 महीने से 1 साल तक होती है।
विद्या लक्ष्मी पोर्टल से आसान हुई प्रोसेस
सरकार का विद्या लक्ष्मी पोर्टल सिंगल विंडो पोर्टल है, जो एजुकेशन लोन की प्रोसेस को आसान और पारदर्शी बना रहा है। इस पर छात्र कई बैंकों के एजुकेशन लोन के बारे में एक ही जगह पर जान सकते हैं, उसकी तुलना कर सकते हैं और अप्लाई भी कर सकते हैं। डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज, डिपार्टमेंट ऑफ हायर एजुकेशन और इंडियन बैंक ने तैयार किया है और एनएसडीएल-ईगॉव इसे ऑपरेट करता है।