Commodity report : डेली एग्री पिक्स पर जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को देशभर में 4.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 5.6 स्तर मिमी से 15% कम है। विभाग ने बताया कि 1 जून से अब तक भारत में 862.3 मिमी बारिश हुई है, जो इस अवधि के लिए सामान्य स्तर 801.5 मिमी से 8% ज्यादा है। देश के चार समरूप रीजन में से तीन रीजन में आज सामान्य से कम बारिश हुई और एक रीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई। उत्तर-पश्चिम भारत में 1.0 मिमी बारिश के साथ सामान्य से 70% कम बारिश हुई। वहीं, मध्य भारत में 4.3 मिमी बारिश के साथ सामान्य से 21% कम बारिश हुई और दक्षिणी प्रायद्वीप में 0.4 मिमी बारिश के साथ सामान्य से 92% कम बारिश हुई। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 18.1 मिमी बारिश के साथ सामान्य से 85% ज्यादा बारिश हुई।
1 जून से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत रीजन में सामान्य से 14% कम यानी 1,065.1 मिमी बारिश हुई है। इस समरूप क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अरुणाचल प्रदेश और बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान अब तक बारिश कम हुई है। सोमवार तक 36 उपविभागों में से 19 में बारिश सामान्य रही है। दो उपविभागों में "बहुत अधिक" बारिश हुई, 11 में "अधिक" और चार उपविभागों में "कम" बारिश हुई।
कपास उत्पादन के अनुमान में बढ़ोतरी
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने 2023-24 (अक्टूबर-सितंबर) की अवधि के लिए देश के उत्पादन अनुमान को 3.18 करोड़ गांठ के अपने पिछले अनुमान से बढ़ाकर 3.23 करोड़ गांठ (1 गांठ = 170 किलोग्राम) कर दिया है। एसोसिएशन 11 कपास उत्पादक राज्यों और दूसरे व्यापार स्रोतों में अपने सदस्यों से प्राप्त जानकारी के आधार पर लगभग हर महीने अपने अनुमानों को अपडेट करता है। 31 अगस्त तक पंजाब, हरियाणा और राजस्थान वाले उत्तरी क्षेत्र में कपास का उत्पादन 45 लाख गांठ था। रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी क्षेत्र में कपास का उत्पादन 46 लाख गांठ होने का अनुमान है, जो पिछले साल 43 लाख गांठ था।
सेंट्रल जोन ने 31 अगस्त तक 1.97 करोड़ गांठों का उत्पादन
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मुताबिक गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश वाले सेंट्रल जोन ने 31 अगस्त तक 1.97 करोड़ गांठें उत्पादित की हैं। मध्य क्षेत्र में कपास का उत्पादन 1.95 करोड़ गांठों से बढ़कर 1.98 करोड़ गांठ होने का अनुमान है। 31 अगस्त तक दक्षिण क्षेत्र ने 71 लाख गांठ कपास का उत्पादन किया। बाकी उत्पादन अन्य राज्यों में हुआ। एसोसिएशन ने कहा कि अक्टूबर से शुरू होने वाले सीजन के लिए शुरुआती स्टॉक 28.9 लाख गांठ होने का अनुमान है। 2023-24 सीजन के लिए कपास की कुल आपूर्ति 3.68 करोड़ गांठ होने का अनुमान है, जो एक साल पहले 3.55 करोड़ गांठ थी।
2023-24 में 16.4 लाख गांठों के आयात का अनुमान
एसोसिएशन ने 2023-24 में 16.4 लाख गांठों के आयात का अनुमान लगाया है, जो 2022-23 में आयात किए गए 12.5 लाख गांठों से अधिक है। एसोसिएशन ने 2023-24 में घरेलू मांग 3.17 करोड़ गांठों पर रहने का अनुमान लगाया है, जो पिछले वर्ष के 3.11 करोड़ गांठों से अधिक है। इसने निर्यात को 28 लाख गांठों पर रहने का अनुमान लगाया है जो पिछले कपास सीजन के 15.5 लाख गांठों से अधिक है। 31 अगस्त तक खपत 2.91 करोड़ गांठों पर रहने का अनुमान है।