Aadhaar new rules 2025: इस साल आधार नियमों में हुए ये बड़े बदलाव, अब नवंबर में आएगा सबसे बड़ा अपडेट
Aadhaar new rules 2025: 2025 में आधार से जुड़े नियमों में कई बड़े बदलाव हुए! आधार अपडेट की फीस बढ़ी, फ्री आधार अपडेट की डेडलाइन खत्म हुई। लेकिन, सबसे बड़ा बदलाव सरकार 1 नवंबर को ला सकती है। जानिए पूरी डिटेल।
Aadhaar new rules 2025: इस साल यानी 2025 में UIDAI ने आधार कार्ड में कई अहम बदलाव किए हैं। इसका सीधा असर देश के करोड़ों नागरिकों पर होगा। जहां आधार अपडेट करने की फीस बढ़ने और मुफ्त अपडेट के खात्मे से लोगों को झटका लगा है। वहीं बच्चों के लिए फ्री बायोमेट्रिक अपडेट जैसी राहत भी है। साथ ही, 1 नवंबर से सभी आधार अपडेट से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव भी हो सकता है। आइए जानते हैं पूरी डिटेल।
आधार अपडेट करना थोड़ा महंगा
1 अक्टूबर 2025 से आधार अपडेट की फीस बढ़ा दी गई है। अब नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर बदलने के लिए ₹75 देना होगा, जो पहले ₹50 था। इसी तरह बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस, फोटो) के लिए ₹125 देना होगा, जो पहले ₹100 था। ये नई फीस 2028 तक लागू रहेगी।
UIDAI ने बताया कि यह फीस सेवा की गुणवत्ता और तकनीक सुधार के खर्च को ध्यान में रखकर बढ़ाई गई है। इसका मतलब है कि अब छोटे-मोटे अपडेट भी थोड़ा महंगे होंगे।
बच्चों के लिए राहत
UIDAI ने 7 से 15 साल के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त कर दिए हैं। अब बच्चों के फिंगरप्रिंट और आईरिस अपडेट बिना किसी शुल्क के होंगे। UIDAI ने बताया कि बचपन में चेहरे और फिंगरप्रिंट में बदलाव होते रहते हैं, इसलिए समय-समय पर अपडेट जरूरी है। स्कूलों को भी निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों का आधार इनएक्टिव न हो।
ऑनलाइन अपडेट और नई दस्तावेज सूची
UIDAI ने जुलाई 2025 में आधार अपडेट और एनरोलमेंट के लिए नई दस्तावेज सूची जारी की। अब सभी नागरिक, OCI कार्डहोल्डर, NRI और HUF के लिए स्पष्ट दस्तावेज मानक तय किए गए हैं। साथ ही, UIDAI ने कहा कि किसी व्यक्ति के पास केवल एक आधार नंबर ही होगा। अगर डुप्लिकेट आधार पाया गया तो कार्रवाई की जा सकती है।
फ्री अपडेट का अंत
UIDAI ने पहले आधार धारकों को 14 जून 2025 तक ऑनलाइन फ्री अपडेट की सुविधा दी थी। अब इस सुविधा का समय खत्म हो गया है और सभी अपडेट के लिए तय शुल्क देना होगा। जो लोग समय पर अपडेट नहीं कर पाए, उन्हें थोड़ी अतिरिक्त फीस चुकानी होगी। एक्सपर्ट का कहना है कि भविष्य में कुछ समय के लिए फ्री अपडेट फिर से शुरू हो सकता है, इसलिए UIDAI की घोषणाओं पर ध्यान देना जरूरी है।
आधार अपडेट क्यों जरूरी है
आधार कार्ड अब हर भारतीय की मुख्य पहचान बन गया है। बैंक खाता खोलने से लेकर सरकारी योजनाओं, निवेश, प्रॉपर्टी खरीद और स्कूल एडमिशन तक आधार हर जगह जरूरी है। अगर आपका पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर पुराना है, तो e-KYC वेरिफिकेशन में देरी हो सकती है।
आने वाला है बड़ा डिजिटल अपडेट
1 नवंबर 2025 से UIDAI आधार अपडेट में बड़ी डिजिटल बदलाव ला सकता है। इस बदलाव के तहत नागरिक अपना नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग और मोबाइल नंबर पूरी तरह ऑनलाइन अपडेट कर सकेंगे। इसके लिए आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी।
नया सिस्टम सरकारी डेटाबेस और डिजिटल वेरिफिकेशन तकनीक से आपकी पहचान स्वतः सत्यापित करेगा, दस्तावेज अपलोड करने या मैन्युअल वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी।
हालांकि, बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस, फोटो) अभी भी सेवा केंद्र पर जाकर ही होंगे। क्योंकि इसके लिए तकनीकी उपकरण जरूरी हैं।
UIDAI की वेबसाइट पर जाकर अपने आधार डिटेल की जांच करें।
अगर नाम या पता गलत है, तो तुरंत ऑनलाइन सुधार करें।
बच्चों की बायोमेट्रिक्स 7 और 15 साल की उम्र में अपडेट करें।
PAN-Aadhaar लिंक की स्थिति चेक करें, ताकि बैंकिंग या निवेश में कोई दिक्कत न आए।
2025 ने आधार अपडेट में सुविधा और डिजिटलाइजेशन दोनों बड़े स्तर पर बढ़ा दिए हैं। फीस थोड़ी बढ़ी है, लेकिन सुधार करना अब आसान, तेज और सुरक्षित हो गया है। ये बदलाव ग्रामीण और छोटे शहरों के लोगों के लिए भी बड़ी राहत लाएंगे। आधार अब सिर्फ पहचान का साधन नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन गया है।