Apple Pay Launch in India: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आईफोन बनाने वाली दिग्गज कंपनी Apple ने भारत में अपनी लोकप्रिय डिजिटल पेमेंट सेवा Apple Pay को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट मार्केट में कदम रखते हुए कंपनी ने इसके लिए Axis Bank के साथ साझेदारी की है।
अब आईफोन, आईपैड और एपल वॉच यूजर्स बिना फिजिकल कार्ड निकाले या बिना किसी ओटीपी/पिन के केवल एक 'टैप' में सेफ पेमेंट कर सकेंगे।
एक्सिस बैंक से शुरुआत, अन्य बैंकों से भी चल रही बातचीत
शुरुआती चरण में एप्पल पे की सुविधा Axis Bank द्वारा जारी किए गए Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड्स के लिए उपलब्ध कराई गई है। Apple Pay और Apple Wallet की वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली ने बताया कि कंपनी जल्द ही भारत के अन्य प्रमुख बैंकों और कार्ड नेटवर्क को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने की योजना बना रही है।
यूजर्स अपने योग्य क्रेडिट कार्ड को एपल वॉलेट ऐप में जोड़कर देश के हजारों स्टोर्स, ई-कॉमर्स साइट्स, ऐप्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर NFC-सक्षम मशीनों पर पेमेंट कर सकते हैं।
इस मौके पर वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली ने कहा कि, 'भारत एक गतिशील और डिजिटल रूप से जागरूक देश है। भारतीय नागरिक कैशलेस भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं और उच्चतम सुरक्षा मानकों की उम्मीद करते हैं। हम भारत में Apple Pay लाकर बेहद उत्साहित हैं।'
कैसे काम करेगा Apple Pay? यहां समझिए
एपल पे का इस्तेमाल करके भुगतान करना बेहद आसान और फास्ट है। इसके लिए यूजर्स को बार-बार कार्ड नंबर, सीवीवी या ओटीपी डालने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। इन-स्टोर पेमेंट के लिए यूजर्स को अपने iPhone के साइड या होम बटन को डबल-क्लिक करना होगा। Face ID, Touch ID या पासवर्ड से ऑथेंटिकेशन के बाद फोन/एप्पल वॉच को पीओएस (POS) मशीन के पास ले जाते ही पेमेंट पूरा हो जाएगा।
स्विगी, जोमैटो, ब्लिंकिट या क्रोमा जैसी ऐप्स और वेबसाइट्स पर चेकआउट करते समय बार-बार शिपिंग एड्रेस और कार्ड डिटेल्स नहीं भरनी होंगी। फिलहाल यह सुविधा iPhone, iPad और Apple Watch पर उपलब्ध है, जबकि Mac कंप्यूटर्स के लिए सपोर्ट जल्द जोड़ा जाएगा।
सेफ्टी और प्राइवेसी का खास ध्यान
कंपनी ने सुरक्षा और प्राइवेसी को एपल पे का सबसे प्रमुख आधार बनाया है। आपके क्रेडिट कार्ड के असली नंबर न तो डिवाइस में सेव होंगे और न ही एपल के सर्वर पर। पेमेंट के समय मर्चेंट के साथ भी ये डिटेल्स शेयर नहीं की जातीं।
मास्टरकार्ड और वीजा की सुरक्षित टोकनाइजेशन तकनीक के जरिए हर डिवाइस के लिए एक यूनिक 'डिवाइस अकाउंट नंबर' जनरेट होता है, जो डिवाइस के सिक्योर एलीमेंट चिप में सुरक्षित रहता है। साथ ही एपल पे के जरिए ट्रांजैक्शन करने पर भी ग्राहकों को उनके कार्ड पर मिलने वाले सभी रिवॉर्ड पॉइंट्स और ऑफर्स मिलते रहेंगे।
कौन से डिवाइसेज हैं सपोर्टेड?
Apple Pay का इस्तेमाल करने के लिए आपके पास निम्नलिखित डिवाइसेज होने आवश्यक हैं:
iPhone: iOS 18 या उसके बाद के ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाला iPhone XR या नया मॉडल।
Apple Watch: watchOS 11 या उसके बाद के वर्जन पर चलने वाली Apple Watch Series 6 या नया मॉडल।