Bank Locker Rules: लॉकर से गहने चोरी हुए तो क्या बैंक देगा पूरा पैसा? मुआवजे का ये फॉर्मूला जान सन्न रह जाएंगे आप
Bank Locker Rules For Gold: ज्यादातर लोग मानते हैं कि बैंक लॉकर में रखा सोना-चांदी चोरी होने पर बैंक उसकी पूरी बाजार कीमत चुकाएगा, लेकिन सच्चाई जानकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। RBI के नियमों के अनुसार, बैंक की देनदारी केवल आपके सालाना लॉकर रेंट के कुछ गुना तक ही सीमित है
किसी भी नुकसान से बचने के लिए ये 3 काम जरूर कर लें
Bank Locker Theft Compensation: ज्यादातर लोग अपने सोने-चांदी के गहने, जमीन-जायदाद के कीमती कागज और महत्वपूर्ण दस्तावेज घर के बजाय बैंक लॉकर में रखना ज्यादा सुरक्षित समझते हैं। लेकिन आम लोगों के बीच यह सबसे बड़ा भ्रम है कि अगर बैंक लॉकर से सामान चोरी हो जाता है या नुकसान पहुंचता है, तो बैंक उसकी पूरी कीमत की भरपाई करेगा।
सच्चाई यह है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बैंक लॉकर की सुरक्षा और चोरी की स्थिति में दिए जाने वाले मुआवजे के लिए बेहद सख्त नियम तय किए हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि लॉकर में रखी ज्वैलरी चोरी होने पर आपको कितना मुआवजा मिलेगा, बैंक की जिम्मेदारी कहां तक है और अपने नुकसान से कैसे बचा जाए।
चोरी होने पर कितना मुआवजा देगा बैंक?
अगर बैंक कर्मचारियों की लापरवाही, बैंक में डकैती, चोरी, आग लगने या धोखाधड़ी की वजह से लॉकर का सामान गायब या खराब होता है, तो बैंक कानूनी रूप से मुआवजा देने के लिए बाध्य है। लेकिन RBI के नियमों के मुताबिक, बैंक की देनदारी की एक अधिकतम सीमा तय की गई है।
किराए का 100 गुना ही मिलेगा: बैंक की लापरवाही से हुए नुकसान की स्थिति में आपको लॉकर के वार्षिक किराए का अधिकतम 100 गुना ही मुआवजा मिलेगा।
उदाहरण से समझें: अगर आपके लॉकर का सालाना किराया ₹4,000 है, तो बैंक से मिलने वाला अधिकतम मुआवजा ₹4 लाख ही होगा। भले ही आपके लॉकर के अंदर ₹10 लाख या ₹50 लाख के गहने क्यों न रखे हों।
2. बैंक पूरा मुआवजा क्यों नहीं देता?
इसके पीछे 2 मुख्य कारण हैं। पहला सामान की जानकारी न होना और दूसरा लॉकर का किराया कोई बीमा प्रीमियम नहीं है। बैंक को कभी भी यह पता नहीं होता कि आपने अपने लॉकर में क्या रखा है और उसकी असल कीमत कितनी है। बैंक ग्राहकों के सामान की कोई लिस्ट नहीं रखता।
साथ ही लॉकर का सालाना किराया बैंक की सुरक्षा सुविधाओं का चार्ज है, यह किसी इंश्योरेंस पॉलिसी की किस्त नहीं है। इसलिए किराया देने का मतलब यह नहीं है कि बैंक आपके पूरे सामान का बीमा कर रहा है।
प्राकृतिक आपदा में क्या होगी बैंक की जिम्मेदारी?
अगर लॉकर में रखा सामान भूकंप, बाढ़, तूफान या बिजली गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाओं या खुद ग्राहक की लापरवाही की वजह से नुकसान झेलता है, तो बैंक इसके लिए जिम्मेदार नहीं होगा। हालांकि, बैंक से यह उम्मीद की जाती है कि वह आग, डकैती और अन्य खतरों से लॉकर रूम की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम रखे।
नुकसान से बचने के लिए तुरंत करें ये 3 जरूरी काम
A. गहनों के बिल और तस्वीरें संभालकर रखें: लॉकर में रखी हर कीमती चीज (सोने और हीरे के गहने) के बिल, रसीदें, वैल्यूएशन रिपोर्ट और तस्वीरें अपने पास संभालकर रखें। अगर कभी कोई अनहोनी होती है, तो यह सबूत आपके मालिकाना हक और सामान की कीमत साबित करने में बहुत काम आएंगे।
B. अलग से 'लॉकर इंश्योरेंस' लें: अगर आपके लॉकर में भारी-भरकम रकम या गहने रखे हैं, तो सिर्फ बैंक के भरोसे न रहें। बीमा कंपनियों से अलग से Standalone Locker/Jewellery Insurance पॉलिसी लें। पॉलिसी लेते समय यह ध्यान से पढ़ लें कि क्या वह बैंक लॉकर में रखे सामान को कवर करती है या नहीं।
C. चोरी होने पर तुरंत लें ये एक्शन: अगर कभी लॉकर से सामान गायब मिले, तो तुरंत बैंक प्रबंधन और पुलिस में एफआईआर दर्ज कराएं। लॉकर एग्रीमेंट, किराए की रसीदें और गहनों के बिल सुरक्षित रखें।
अगर बैंक की लापरवाही है और बैंक मुआवजा देने में आनाकानी करे, तो आप RBI के इंटीग्रेटेड ओंबुड्समैन स्कीम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।