Gold Silver Prices: दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने में 22 सितंबर को गिरावट आई। यह 1,500 रुपये गिरकर 1,54,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने पर दबाव का असर इसकी घरेलू कीमतों पर पड़ा। दिल्ली सर्राफा बाजार में यह सोने में गिरावट का लगातार दूसरा दिन था।
चांदी की कीमतें 2.42 लाख रुपये पर स्थिर
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी कीमत 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर कमोडिटीज एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, "सोने में मंगलवार को भी गिरावट देखने को मिली। इसकी वजह फेडरल रिजर्व के अधिकारियों का बयान और अमेरिकी डॉलर में मजबूती है।"
डॉलर इंडेक्स में मजबूती का सोने पर असर
डॉलर इंडेक्स 100 से ऊपर बना हुआ है। यह जुलाई के आखिर के बाद से इसका सबसे हाई लेवल है। डॉलर में मजबूती से दूसरी करेंसी में सोना खरीदना महंगा हो जाता है, जिसका असर उसकी कीमतों पर पड़ता है। इस बीच, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने कहा है कि इंटरेस्ट रेट लंबे समय तक हाई बना रह सकता है।
क्रूड में गिरावट का फिलहाल सोने पर असर नहीं
क्रूड की कीमतों में गिरावट आई है। लेकिन, फिलहाल इसका असर गोल्ड पर नहीं दिख रहा। ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर 98.95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। यह हाल में 108-109 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गई है। क्रूड में नरमी से महंगाई बढ़ने का डर घटा है। लेकिन, कीमत अब भी फरवरी में अमेरिका-ईरान के बीच लड़ाई शुरू होने से पहले के लेवल से काफी ज्यादा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी में कमजोरी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में गिरावट दिखी। स्पॉट गोल्ड करीब 1 फीसदी गिरकर 4,315 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। स्पॉट सिल्वर भी नरमी के साथ 65.60 डॉलर प्रति औंस पर था। इस बीच, इनवेस्टर्स की नजरें गुरुवार को न्यूयॉर्क में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात पर लगी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में मध्यपूर्व क्राइसिस पर भी चर्चा होगी।