स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India -SBI) के बाद, तीन और बैंकों, पंजाब नेशनल बैंक (Punjab National Bank – PNB) सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) और आरबीएल बैंक (RBL Bank) ने कहा है कि 16 दिसंबर और 17 दिसंबर को बैंक हड़ताल की वजह से उनके कामकाज पर असर पड़ेगा।
PNB ने स्टॉक एक्सचेंज को दिए गए एक बयान में कहा है कि बैंक ने अपनी शाखाओं और ऑफिस में सामान्य कामकाज के लिए इंतजाम किए हैं, लेकिन हड़ताल की वजह से बैंक के कामकाज पर असर पड़ सकता है। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने कहा है कि उसने हड़ताल से निपटने के लिए सभी शाखाओं और दफ्तरों में सामान्य कामकाज के लिए मौजूदा गाइडलाइंस के सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। हालांकि हड़ताल की स्थिति में शाखाओं या ऑफिस के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
RBL बैंक ने कहा है कि विरोध करने वाली यूनियनों से जुड़े उसके कर्मचारी हड़ताल में हिस्सा ले सकते हैं, जो कि इंडस्ट्री लेवल पर हैं, उनका बैंक स्तर के मुद्दों से कोई संबंध नहीं है। बैंक ने आगे कहा है कि हड़ताल के दिनों में बैंक की शाखाओं, दफ्तरों में सामान्य कामकाज के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। हालांकि हड़ताल की वजह से हमारी शाखाओं में कामकाज पर असर पड़ने के आसार नजर आ रहे हैं।
इसके पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India-SBI) ने कहा था कि यूनाइटेड फोरम ऑफ इंडिया द्वारा बुलाई गई 16-17 दिसंबर को दो दिन की हड़ताल से बैंक के सामान्य कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है।
SBI ने कहा है, "हमें इंडियन बैंक्स एसोसिएशन से जानकारी मिली है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने हड़ताल का नोटिस दिया है। जिसमें यह कहा गया है कि UFBU संघों के सदस्य जैसे AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC एनसीबीई, एआईबीओए, BEFI, INBEF और INBOC ने अपनी मांगों के समर्थन में 16 और 17 दिसंबर 2021 को देशव्यापी बैंक हड़ताल पर जाने का प्रस्ताव रखा है। वहीं SBI ने यह भी कहा कि उसने हड़ताल के दौरान अपनी शाखाओं में सामान्य कामकाज के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की हैं।