Canara Bank: फेस्टिव सीजन (Festive Season) में महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ रखी है। इस बीच सरकारी बैंक केनरा बैंक (Canara Bank) ने अपने ग्राहकों को शानदार तोहफा दिया है। बैंक ने सेविंग अकाउंट्स (savings accounts) पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी है। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, बढ़ी हुई नई दरें 21 दिसंबर 2022 से लागू हो गई हैं। इस बदलाव के बाद केनरा बैंक अब सेविंग अकाउंट पर 4 फीसदी तक ब्याज मुहैया करा रहा है। बता दें कि केनरा बैंक ने 19 दिसंबर को फिक्स्ड डिपॉजिट पर 0.55 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया था। इसके बाद अब बैंक ने सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों में भी इजाफा किया है।
केनरा बैंक में अगर आप अकाउंट खुलवाना चाहते हैं तो शहरी और मेट्रो शहरों में 1000 रुपये में अकाउंट खुलवा सकते हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की शाखाओं में 500 रुपये से अकाउट खुलवाया जा सकता है। बैंक हर साल 1 फरवरी, 1 मई, 1 अगस्त और 1 नवंबर को सेविंग अकाउंट में ब्याज जमा करता है।
बैंक 50 लाख रुपये से कम के जमा पर पर 2.90 फीसदी की ब्याज दर दे रहा है। वहीं 50 लाख से ज्यादा और 5 करोड़ रुपये से कम के जमा पर केनरा बैंक 2.90 फीसदी की ब्याज दरों का ऑफर कर रहा है। 5 करोड़ रुपये से 10 करोड़ के जमा पर 2.95 फीसदी की दर से ब्याज दे रहा है। वहीं 10 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक के जमा पर 3.05 फीसदी ब्याज मिल रहा है। 100 करोड़ से 200 करोड़ के जमा पर 3.5 फीसदी ब्याज मिलेगी। 200 करोड़ से 500 करोड़ के जमा पर ब्याज दर 3.10 फीसदी मिलेगी। 500 करोड़ से 1,000 करोड़ के जमा पर 3.40 फीसदी ब्याज मिलेगी।
केनरा बैंक ने FD की ब्याज दरों में किया इजाफा
केनरा बैंक (Canara Bank) ने हाल ही में फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों (FD Interest Rate) में बढ़ोतरी की थी। बैंक ने 2 करोड़ रुपये से कम की FD पर ब्याज दरों में 0.55 फीसदी का इजाफा किया था। बढ़ी हुई नई दरें 19 दिसंबर 2022 से लागू हो चुकी हैं। केनरा बैंक की वेबसाइट के अनुसार अब 7 दिन से लेकर 10 साल तक की FD पर आम नागरिक को 3.25 फीसदी से लेकर 6.50 फीसदी तक और सीनियर सिटीजन्स को 3.25 फीसदी से 7 फीसीद तक ब्याज मिल रहा है।