डिजिटल पेमेंट प्रोडक्ट्स एंड सर्विसेज से जुड़ा आपका कोई सवाल है तो DigiSaathi आपकी मदद कर सकता है। हाल में RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने इसे लॉन्च किया था। यह 24x7 हेल्पलाइन है। इसका मतलब है कि आप हफ्ते के सातों दिन 24 घंटे में कभी भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने इसे तैयार किया है। बैंकों के ग्राहक www.idigisaathi.info या चैटबॉट के जरिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसका फायदा आप व्हाट्सअप पर भी उठा सकते हैं। इसके लिए आपको +91 8928913333 पर मैसेज भेजना होगा। आप टॉल फ्री नंबर 14431 और 18008913333 पर कॉल भी कर सकते हैं।
अगर आपके पास डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, प्रीपेड कार्ड, UPI, NEFT, RTGS, IMPS, ATM और नेटबैंकिंग से जुड़ा कोई सवाल है तो आप उसका जवाब digisaathi पर हासिल कर सकते हैं। आप अंग्रेजी या हिन्दी में अपने सवाल पूछ सकते हैं।
आइए हम आपको बताते हैं कि आप कैसे इसका फायदा उठा सकते हैं। सबसे पहले आपको सर्च बॉक्स में अपने सवाल टाइप करने होंगे। जब आप अपने सवाल टाइप करते हैं तब उससे संबंधित कई सवाल आपके सामने स्क्रीन पर आते हैं। आप इसमें से संबंधित सवाल सेलेक्ट कर सकते हैं। फिर आपके अपने सवाल के जबाव मिल जाएंगे।
अगर बैंक से कोई शिकायत करना चाहते हैं, सर्विस रिक्वेस्ट देना चाहते हैं, फ्रॉड से जुड़े ट्रांजेक्शन के बारे में रिपोर्ट करना चाहते तो आप digisaathi पर बैंक या फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन की डिटेल और ईमेल आईडी हासिल कर सकते हैं।
डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल बढ़ने के साथ फ्रॉड के मामले भी बढ़े हैं। ऐसा होने पर लोग बैंकों से शिकायत करना चाहते हैं। इसमें डिजीसाथी आपकी काफी मदद कर सकता है। यह सुविधा आप इंटरनेट के जरिए घर बैठे उठा सकते हैं।