हाउसिंग लोन देने वाली देश की दिग्गज कंपनी HDFC (हाउसिंग डेवलेपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन) ने सोमवार 19 दिसंबर को अपने रिटेल प्राइम लोन रेट में 0.35 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इसके साथ ही HDFC के हाउसिंग लोन की न्यूनतम दर अब बढ़कर 8.65 प्रतिशत हो गई है। कंपनी ने बताया कि नई दरें मंगलवार 20 दिसंबर से लागू होंगी। HDFC ने सोमवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह जानकारी दी। मई से अब तक HDFC अपने लोन की दरों में कुल 2.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर चुका है। रिटेल प्राइम लोन रेट, एक बेंचमार्क होता है जिसके आधार पर होम लोन की दरें एडजस्ट की जाती हैं।
