ब्याज क्रेडिट होने से पहले या बाद में? जानें कब PF का पैसा निकालने पर होगा सबसे तगड़ा फायदा
Best Time to Withdraw PF: 15 जुलाई को पीएफ खाताधारकों के अकाउंट में 8.25% की दर से ब्याज क्रेडिट होने वाला है। अब लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि अगर उन्हें एडवांस या फाइनल सेटलमेंट के लिए पैसे निकालने हैं, तो सही वक्त क्या है? क्या ब्याज खाता बुक में दिखने से पहले पैसा निकालने पर नुकसान होगा या बाद में? जानिए पूरा गणित
जानें क्या ब्याज पासबुक में दिखने से पहले पैसा निकालने पर नुकसान होगा?
Best Time for EPF Withdrawal: सरकार ने हाल ही में ऐलान किया है कि 15 जुलाई को देश के 34 करोड़ खाताधारकों के अकाउंट में 8.25% की दर से पीएफ का ब्याज क्रेडिट होने जा रहा है। इस खबर के बाद कई पीएफ सब्सक्राइबर्स के मन में यह सवाल उठ रहा है कि अगर उन्हें एडवांस या फाइनल सेटलमेंट के लिए पैसे निकालने हैं, तो सही वक्त क्या है? क्या ब्याज पासबुक में दिखने से पहले पैसा निकालने पर नुकसान होगा या बाद में?
आइए आपक बताते हैं ईपीएफओ के ब्याज कैलकुलेशन का पूरा गणित, ताकि आपको पाई-पाई का पूरा फायदा मिल सके और आपका कोई नुकसान न हो।
क्या जुलाई से पहले पैसा निकालने पर ब्याज का नुकसान होता है?
जवाब है: बिल्कुल नहीं। यह पीएफखाताधारकों के बीच सबसे बड़ा भ्रम है कि जब तक जुलाई या अक्टूबर में ब्याज का पैसा पासबुक में 'क्रेडिट' नहीं होता, तब तक पैसे निकालने पर ब्याज नहीं मिलेगा।
नियम क्या कहता है: ईपीएफओ हर वित्तीय वर्ष के खत्म होने पर जैसे- 31 मार्च को ही आपके पूरे साल का ब्याज कैलकुलेट कर लेता है।
ब्याज कहीं नहीं जाता: भले ही वह पैसा तकनीकी कारणों या नए आईटी सिस्टम (CITES) में माइग्रेशन की वजह से आपकी पासबुक में जुलाई में दिखे, लेकिन आपका हक 31 मार्च को ही तय हो चुका होता है। इसलिए अगर आप जुलाई से पहले भी पैसा निकालते हैं, तो आपको उस हिस्से का पूरा ब्याज जोड़कर दिया जाता है।
ज्यादा ब्याज पाने के लिए कब निकालें पैसा?
अगर आप अपने पीएफ फंड पर अधिकतम रिटर्न यानी ज्यादा से ज्यादा ब्याज कमाना चाहते हैं, तो इन दो नियमों को हमेशा याद रखें:
1. महीने की 1 से 5 तारीख के बीच न निकालें पैसा
ईपीएफओ में ब्याज का कैलकुलेशन हर महीने की आखरी तारीख के बैलेंस पर होता है। लेकिन इसमें एक पेच है। अगर आप महीने की शुरुआत (1 से 5 तारीख) में ही विड्रॉल के लिए अप्लाई कर देते हैं और पैसा कट जाता है, तो उस पूरे महीने के लिए आपका रनिंग बैलेंस कम हो जाएगा और आपको उस महीने का ब्याज नहीं मिलेगा।
सही समय: हमेशा महीने की 20 से 25 तारीख के बाद ही पीएफ निकालने की प्रक्रिया शुरू करें, ताकि उस महीने का ब्याज आपके खाते में काउंट हो सके।
2. नए नियम का रखें ध्यान
सरकार के नए नियमों के मुताबिक, अब अगर आप किसी भी जरूरत बीमारी, शादी, पढ़ाई के लिए एडवांस पीएफ निकालते हैं, तो आपको अपने कुल जमा का कम से कम 25% मिनिमम बैलेंस खाते में बनाए रखना होगा।
फायदा: खाता पूरी तरह खाली न होने से आपकी कंपाउंडिंग का चक्र नहीं टूटता और बचे हुए 25% हिस्से पर आपको लगातार बंपर ब्याज मिलता रहता है।
फाइनल सेटलमेंट वालों के लिए बड़ी खुशखबरी
अगर आप नौकरी छोड़ चुके हैं और अपना पूरा पीएफ पैसा निकालना चाहते हैं, तो नए सेंट्रलाइज्ड आईटी सिस्टम ने आपका काम और आसान कर दिया है। अब फाइनल सेटलमेंट के समय, जिस दिन आपके पेमेंट को अथॉरिटी से मंजूरी मिलती है, उस दिन तक का पूरा ब्याज कैलकुलेट करके आपके खाते में भेजा जाता है। यानी अब आपको ब्याज के पैसे के लिए 15 जुलाई का इंतजार करने की कोई जरूरत नहीं है। आप जब भी पूरा पैसा निकालेंगे, आपको ब्याज़ समेत ही मिलेगा।
पीएफ से पैसा निकालने के लिए जुलाई महीने का इंतजार करना जरूरी नहीं है। बस ध्यान यह रखना है कि जब भी पैसा निकालें, महीने के अंत में निकालें ताकि चालू महीने का ब्याज न मरे और अगर जरूरी न हो, तो पूरा पैसा निकालने के बजाय एडवांस निकालकर 25% बैलेंस छोड़ दें ताकि मोटी कमाई जारी रहे।