नोएडा-ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी रखने वालों के लिए बड़ा मौका! अगले 5 सालों में बढ़ सकती है कीमतें, जानिये कारण

क्या आपके पास भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी है? तो उसे कुछ साल संभाल कर रखना फायदेमंद हो सकता है। उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे इंडस्ट्रियल निवेश का असर अब रियल एस्टेट बाजार पर भी दिखाई दे सकता है

अपडेटेड Mar 09, 2026 पर 12:03 PM
Story continues below Advertisement
Property Market: उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे इंडस्ट्रियल निवेश का असर अब रियल एस्टेट बाजार पर भी दिखाई दे सकता है।

क्या आपके पास भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी है?  तो उसे कुछ साल संभाल कर रखना फायदेमंद हो सकता है। उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे इंडस्ट्रियल निवेश का असर अब रियल एस्टेट बाजार पर भी दिखाई दे सकता है। खासकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी रखने वाले लोगों के लिए आने वाले कुछ साल काफी अहम माने जा रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया गया कि अगर किसी के पास इन इलाकों में प्रॉपर्टी है, तो उसे कम से कम अगले 5 साल तक संभाल कर रखना फायदेमंद हो सकता है।

विदेश दौरे से मिले बड़े निवेश प्रस्ताव

यह चर्चा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया सिंगापुर और जापान दौरे के बाद तेज हुई है। इस चार दिन के दौरे में उन्होंने कई बड़ी कंपनियों और निवेशकों से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस दौरान उत्तर प्रदेश में करीब 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव और समझौते सामने आए हैं। इनमें करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये के एमओयू (MoU) और लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल बताए जा रहे हैं।


कई सेक्टर में होगा निवेश

ये निवेश कई महत्वपूर्ण सेक्टरों में हो सकते हैं। इनमें ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल पार्क जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे के पास जापानी कंपनियों के लिए विशेष इंडस्ट्रियल जोन बनाने की भी योजना बताई जा रही है।

जेवर एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों पर फोकस

एक्सपर्ट के अनुसार इन निवेशों का सबसे ज्यादा फायदा जेवर एयरपोर्ट बेल्ट, ग्रेटर नोएडा और नोएडा क्षेत्र को मिल सकता है। जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले ही इस इलाके की रियल एस्टेट संभावनाओं को मजबूत कर चुका है। अब अगर बड़े उद्योग और कंपनियां यहां आती हैं, तो रोजगार के मौके बढ़ेंगे और प्रॉपर्टी की मांग भी तेज हो सकती है।

यूपी बन रहा है प्रोडक्शन हब

एक्सपर्ट का कहना है कि उत्तर प्रदेश अब केवल उपभोक्ता राज्य (consumption state) नहीं रह गया है, बल्कि तेजी से उत्पादन केंद्र (production hub) बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल नीतियों की वजह से विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

रियल एस्टेट पर पड़ सकता है बड़ा असर

अगर प्रस्तावित निवेश का बड़ा हिस्सा जमीन पर उतरता है, तो इसका असर पूरे राज्य की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। अनुमान है कि करीब 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रभाव कई गुना तक बढ़ सकता है, जिससे नौकरियों, कारोबार और प्रॉपर्टी की मांग में तेजी आ सकती है। ऐसे में नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे क्षेत्रों में आने वाले वर्षों में रियल एस्टेट की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि निवेश से पहले बाजार की स्थिति, प्रोजेक्ट की प्रगति और लोकेशन का ध्यान रखना भी जरूरी है।

Platinum Price Today: प्लैटिनम के दाम में आज आई गिरावट, चेक करें 9 मार्च का रेट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।