Personal Loan EMI: SBI से ₹1 लाख का पर्सनल लोन लेने पर कितना देना होगा ब्याज, समझिए पूरा हिसाब

Personal Loan EMI: सरकारी बैंक SBI से एक लाख रुपये का पर्सनल लोन लेने पर आपकी EMI कितनी बनेगी? ब्याज दर 10, 12 और 15 फीसदी होने पर एक से पांच साल तक का हिसाब जानिए। साथ ही समझिए कि लंबी अवधि में कुल ब्याज कितना बढ़ेगा।

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 3:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पर्सनल लोन की अवधि तय करते समय अपनी आमदनी और हर महीने के खर्चों का ध्यान रखें।

Personal Loan EMI: कई बार अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है। घर की मरम्मत करानी हो, मेडिकल खर्च आ जाए या कोई जरूरी काम निपटाना हो, तो पर्सनल लोन मददगार हो सकता है। इसमें किसी तरह की संपत्ति गिरवी रखने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, इस लोन पर ब्याज कुछ अन्य लोन के मुकाबले थोड़ा ज्यादा देना पड़ता है।

देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक SBI में पर्सनल लोन की शुरुआत लगभग 10% ब्याज दर के साथ होती है। हालांकि, ब्याज दर ग्राहक की सैलरी, क्रेडिट स्कोर, नौकरी और बैंक की शर्तों के आधार पर तय होती है। ऐसे में हर ग्राहक की EMI अलग हो सकती है।

आइए समझते हैं कि अगर आप SBI से ₹1 लाख का पर्सनल लोन लेते हैं और ब्याज दर 10%, 12% या 15% सालाना रहती है, तो हर महीने कितनी EMI देनी होगी।


₹1 लाख के लोन पर कितनी बनेगी EMI?

लोन की अवधि जितनी ज्यादा होगी, हर महीने की EMI उतनी कम होगी। लेकिन लंबी अवधि में कुल ब्याज ज्यादा देना पड़ेगा। नीचे अलग-अलग ब्याज दरों पर ₹1 लाख के लोन का हिसाब दिया गया है।

₹1 लाख के पर्सनल लोन पर हर महीने EMI

अवधि 10% ब्याज 12% ब्याज 15% ब्याज
1 साल ₹8,792 ₹8,885 ₹9,026
2 साल ₹4,614 ₹4,707 ₹4,849
3 साल ₹3,227 ₹3,321 ₹3,467
4 साल ₹2,536 ₹2,633 ₹2,783
5 साल ₹2,125 ₹2,224 ₹2,379

उदाहरण के लिए, अगर आपको 12% सालाना ब्याज दर पर ₹1 लाख का पर्सनल लोन मिलता है और आप इसे 3 साल में चुकाते हैं, तो हर महीने करीब ₹3,321 की EMI देनी होगी। वहीं, 15% ब्याज दर पर यही लोन 3 साल के लिए लेने पर EMI करीब ₹3,467 होगी।

सिर्फ EMI नहीं, कुल ब्याज भी देखें

पर्सनल लोन लेते समय सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि हर महीने कितनी किस्त देनी होगी। यह भी समझना जरूरी है कि पूरी अवधि में कितना ब्याज चुकाना पड़ेगा।

उदाहरण के लिए, 10% ब्याज दर पर 5 साल के लोन में EMI करीब ₹2,125 होगी। लेकिन कुल ब्याज ₹27,482 देना पड़ेगा। इसके मुकाबले 3 साल के लोन में EMI करीब ₹3,227 होगी और ब्याज घटकर ₹16,162 रह जाएगा।

इसलिए लोन की अवधि तय करते समय अपनी आमदनी और हर महीने के खर्चों का ध्यान रखें। ऐसी EMI चुनें जिसे समय पर चुकाना मुश्किल न हो। साथ ही, लोन लेने से पहले बैंक की प्रोसेसिंग फीस, दूसरे चार्ज और समय से पहले भुगतान की शर्तें भी जरूर देख लें।

₹1 लाख के लोन पर कुल ब्याज का हिसाब

अवधि 10% ब्याज 12% ब्याज 15% ब्याज
1 साल ₹5,499 ₹6,619 ₹8,310
2 साल ₹10,748 ₹12,976 ₹16,368
3 साल ₹16,162 ₹19,572 ₹24,795
4 साल ₹21,740 ₹26,402 ₹33,588
5 साल ₹27,482 ₹33,467 ₹42,740

SIP Calculator: बच्चे के जन्म से ₹1000 की SIP, 18 साल बाद कितना पैसा मिलेगा? समझिए पूरा कैलकुलेशन

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।