BSNL का धमाकेदार ऑफर! सिर्फ 1 रुपये में अनलिमिटेड कॉलिंग, रोज एक GB डेटा और 100 SMS लेकिन ये है शर्त

BSNL ने 1 रुपये वाला प्रीपेड रिचार्ज प्लान फिर से लॉन्च किया है। 24 दिनों की वैलिडिटी वाले इस प्लान में डेटा, SMS और अनलिमिटेड कॉलिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं। बीएसएनएल के इस 1 रुपये वाले ऑफर का लाभ उठाने के लिए एक शर्त भी है

अपडेटेड Aug 14, 2026 पर 7:18 PM
बीएसएनएल का यह 1 रुपये वाला एफआरसी प्लान 24 दिनों की सर्विस वैलिडिटी के साथ आता है

सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने ग्राहकों के लिए 1 रुपये वाला प्री-पेड रिचार्ज प्लान फिर से लॉन्च कर दिया है। कुछ समय के लिए पोर्टफोलियो से हटाए जाने के बाद कंपनी ने इसे सभी टेलीकॉम सर्किलों में नए ग्राहकों के लिए दोबारा पेश किया है। इस किफायती रिचार्ज प्लान में 24 दिनों की सर्विस वैलिडिटी के साथ डेटा, एसएमएस और अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग जैसी कई सुविधाएं दी जा रही हैं। अगर आप BSNL का नया सिम लेने की सोच रहे हैं तो लंबे समय के प्लान पर जाने से पहले इस ऑफर के जरिए कंपनी की सेवाओं को बेहद कम लागत में टेस्ट कर सकते हैं।

BSNL का 1 रुपये वाला प्लान: किसे मिलेगा इसका फायदा?

वैसे बीएसएनएल के इस 1 रुपये वाले ऑफर का लाभ उठाने के लिए एक शर्त भी है। यह प्लान सिर्फ और सिर्फ BSNL के नए सब्सक्राइबर्स के लिए ही उपलब्ध है। इस प्लान को एफआरसी (First Recharge Coupon) के रूप में कैटेगराइज किया गया है। इसका मतलब यह है कि ग्राहकों को नया BSNL सिम खरीदने के बाद इसे अपने पहले रिचार्ज के तौर पर इस्तेमाल करना होगा। बीएसएनएल के मौजूदा यूजर्स या पुराने कनेक्शन इस्तेमाल कर रहे ग्राहक इस 1 रुपये वाले ऑफर का फायदा नहीं उठा सकते हैं।


24 दिनों की वैलिडिटी और रोज 1GB डेटा

बीएसएनएल का यह 1 रुपये वाला एफआरसी प्लान 24 दिनों की सर्विस वैलिडिटी के साथ आता है। इस पूरी वैलिडिटी के दौरान ग्राहकों को रोजाना 1GB मोबाइल डेटा दिया जाता है। इस तरह 24 दिनों की पूरी अवधि में सब्सक्राइबर्स को कुल 24GB डेटा मिलता है। कंपनी इस 1 रुपये के एफआरसी प्लान में वॉइस कॉलिंग और मैसेजिंग की बेहतरीन सुविधाएं दे रही है। ग्राहकों को पूरी वैलिडिटी अवधि के दौरान बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग का लाभ मिलता है। इसमें रोजाना 100 मैसेज (SMS) भेजने की सुविधा शामिल है। इस तरह 24 दिनों में ग्राहक कुल 2400 SMS तक का इस्तेमाल कर सकते हैं।

पुराने और नए 1 रुपये वाले प्लान में क्या बदला है?

वैसे तो प्लान की कीमत 1 रुपये ही रखी गई है, लेकिन इसके फायदों और वैलिडिटी में कंपनी ने बदलाव किए हैं। पुराने 1 रुपये वाले प्लान में ग्राहकों को 30 दिनों की वैलिडिटी और रोजाना 2GB डेटा मिलता था, जिससे कुल 60GB डेटा का बंडल डेटा हो जाता था। दोबारा पेश किए गए नए प्लान में वैलिडिटी को घटाकर 24 दिन और रोजाना मिलने वाले डेटा को घटाकर 1GB कर दिया गया है। अनलिमिटेड कॉलिंग और रोजाना 100 SMS की सुविधा पहले की तरह ही बरकरार रखी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।