Personal Loan Default: क्या पर्सनल लोन न चुकाने पर हो सकती है जेल? RBI के नियम के साथ जानिए अपने अधिकार

Personal Loan Default: पर्सनल लोन की EMI न भर पाने पर लोगों के मन में अक्सर जेल जाने का डर रहता है। जानिए RBI के नियम, बैंक क्या कार्रवाई कर सकता है, रिकवरी एजेंट की सीमाएं क्या हैं और किन मामलों में कानूनी परेशानी बढ़ सकती है।

अपडेटेड May 14, 2026 पर 2:58 PM
Story continues below Advertisement
अगर आपको लग रहा है कि EMI भरना मुश्किल हो रहा है, तो बैंक से खुलकर बात करें।

Personal Loan Default: आज के समय में पर्सनल लोन लेना काफी आसान हो गया है। बैंक, NBFC और मोबाइल ऐप कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये तक का लोन दे देते हैं। लेकिन परेशानी तब शुरू होती है, जब बीच में कुछ अनचाहा हो जाए। जैसे कि नौकरी छूट जाए, बिजनेस में नुकसान हो जाए या EMI भरना मुश्किल हो जाए।

ऐसे में ज्यादातर लोगों के मन में एक ही डर आता है... क्या पर्सनल लोन न चुकाने पर जेल हो सकती है? इसका सीधा जवाब है, ज्यादातर मामलों में नहीं। कानून की नजर में सिर्फ कर्ज न चुका पाना अपराध नहीं है। लेकिन, कुछ मामलों में जेल जाने की नौबत आ सकती है।

सबसे पहले बैंक क्या एक्शन लेता है?


अगर आप लगातार EMI नहीं भरते, तो बैंक या NBFC सबसे पहले कॉल, मैसेज और नोटिस भेजती है। कुछ समय बाद आपका लोन अकाउंट NPA यानी नॉन-परफॉर्मिंग एसेट घोषित किया जा सकता है।

इसका सबसे बड़ा असर आपके CIBIL स्कोर पर पड़ता है। बाद में नया लोन लेना, क्रेडिट कार्ड बनवाना या कई मामलों में फाइनेंशियल अप्रूवल लेना मुश्किल हो सकता है।

इसके बाद बैंक कोर्ट के जरिए पैसे वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। अगर आपने लोन के बदले कोई गारंटी या संपत्ति दी है, तो उस पर भी कार्रवाई हो सकती है।

किन मामलों में जेल की नौबत आ सकती है?

जेल का मामला तब बनता है, जब सिर्फ EMI न भरने की बात न हो, बल्कि धोखाधड़ी शामिल हो।

जैसे अगर किसी ने फर्जी दस्तावेज लगाकर लोन लिया हो, गलत जानकारी दी हो, बैंक को जानबूझकर धोखा दिया हो, तो बैंक पुलिस शिकायत दर्ज करा सकता है। ऐसे मामलों में आपराधिक केस बन सकता है। इसका सीधा मतलब है कि 'पैसे न चुका पाना' और 'जानबूझकर धोखाधड़ी करना' दोनों अलग चीजें हैं।

रिकवरी एजेंट क्या कर सकते हैं और क्या नहीं?

RBI के नियमों के मुताबिक, रिकवरी एजेंट आपके साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं कर सकते है। जैसे कि धमकाना, गलत शब्दों का प्रयोग करना और देर रात बार-बार परेशान करना।

वे सिर्फ नियमों के मुताबिक आपसे संपर्क कर सकते हैं। घर और ऑफिस आ सकते हैं। लेकिन उन्हें मर्यादा में रहना होता है। अगर कोई रिकवरी एजेंट बदसलूकी करता है, धमकाता है या सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने की कोशिश करता है, तो आप बैंक, पुलिस या RBI में शिकायत कर सकते हैं।

EMI भरना मुश्किल हो तो क्या करें?

कई बार EMI भरने में मुश्किल आती है, तो लोग बैंक का फोन उठाना ही बंद कर देते हैं। यह परेशानी से निपटने का सबसे खराब तरीका है।

अगर आपको लग रहा है कि EMI भरना मुश्किल हो रहा है, तो बैंक से खुलकर बात करें। कई बैंक EMI कम करने, लोन रिस्ट्रक्चरिंग, मोरेटोरियम या लोन की अवधि बढ़ाने जैसे विकल्प देते हैं। कई मामलों में वन-टाइम सेटलमेंट का विकल्प भी मिल सकता है। इससे कानूनी विवाद और मानसिक तनाव दोनों कम हो सकते हैं।

सबसे जरूरी बात क्या है?

सबसे पहले याद रखें कि आप सिर्फ कर्जदार हैं, अपराधी नहीं। इसलिए अगर आर्थिक परेशानी हो, तो डरने या छिपने की बजाय बैंक से बात करने में ज्यादा समझदारी होती है।

लेकिन लोन लेते समय गलत जानकारी देना, जानबूझकर बैंक को धोखा देना या पैसे लेकर गायब हो जाना गंभीर कानूनी मामला बन सकता है। इसलिए हमेशा इनसे बचने की कोशिश करें।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।