Capital Gains: कैपिटल गेंस टैक्स को लेकर चिंतित हैं? इन नियमों को जानते ही डर खत्म हो जाएगा

इनकम टैक्स के नियम जमीन या घर की बिक्री से हुए कैपिटल गेंस पर एग्जेम्प्शंस क्लेम करने की इजाजत देते हैं। इससे टैक्स का बोझ काफी कम हो जाता है। कुछ मामलों में तो टैक्स घटकर जीरो हो जाता है। हालांकि, इस नियम के साथ कुछ शर्तें जुड़ी हैं

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 5:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इनकम टैक्स एक्ट, 1961 के सेक्शन 54, 54बी, 54ईसी और 54 एफ के तहत एग्जेम्प्शन क्लेम करने की इजाजत है।

प्रॉपर्टी या किसी दूसरे एसेट को बेचने से अगर आपको कैपिटल गेंस हुआ है तो टैक्स के कैलकुलेशन से पहले आपको इनकम टैक्स एक्ट, 1961 के तहत उपलब्ध एग्जेम्प्शंस के बारे में जान लेना चाहिए। इससे टैक्स में काफी राहत मिल जाती है। आइए इनकम टैक्स के नियम के तहत उपलब्ध एग्जेम्प्शंस के बारे में विस्तार से जानते हैं।

ये सेक्शंस देते हैं एग्जेम्प्शंस की इजाजत

क्लियर टैक्स में टैक्स एक्सपर्ट चांदनी आनंदन ने कहा कि इनकम टैक्स एक्ट, 1961 के सेक्शन 54, 54बी, 54ईसी और 54 एफ के तहत एग्जेम्प्शन क्लेम करने की इजाजत है। सेक्शन 54बी एग्रीकल्चरल लैंड को बेचने से हुए लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस और शॉर्ट टर्म कैपिटल गेंस के मामले में लागू होता है। बाकी सेक्शंस सिर्फ लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस के मामले में लागू होते हैं।


सेक्शन 54 का इस्तेमाल

अगर कोई व्यक्ति या हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) एक रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी बेचता है और कैपिटल गेंस का इस्तेमाल दूसरा घर खरीदने के लिए करता है तो एग्जेम्प्शन क्लेम कर सकता है। शर्त यह है कि उसे इस पैसे का इस्तेमाल दूसरा घर खरीदने के लिए दो साल के अंदर करना होगा। अगर वह इस पैसे से घर बनवाता है तो तीन साल के अंदर उसे ऐसा करना होगा। कैपिटल गेंस के पैसे को बैंक के सीजीएएस में डिपॉजिट करना होगा। एग्जेम्प्शन क्लेम करने के लिए 10 करोड़ की सीमा तय है।

सेक्शन 54बी का इस्तेमाल

अगर किसी व्यक्ति या HUF ने कृषि जमीन बेची है तो बिक्री से एक साल पहले या बिक्री से दो साल के अंदर वह कैपिटल गेंस पर एग्जेम्प्शंस क्लेम कर सकता है। शर्त यह है कि उसे दो साल के अंदर दूसरी कृषि भूमि खरीदनी होगी। कैपिटल गेंस या निवेश किए गए पैसे में से जो कम होगा, उस पर एग्जेम्प्शन मिलेगा।

सेक्शन 54ईसी का इस्तेमाल

अगर किसी टैक्सपेयर को जमीन या बिल्डिंग बेचने से कैपिटल गेंस होता है तो वह उस पैसे को कुछ खास तरह के बॉन्ड्स में इनवेस्ट कर एग्जेम्प्शन क्लेम कर सकता है। ऐसे बॉन्ड्स में NHAI, REC, PFC और IRFC के बॉन्ड्स आते हैं। शर्त यह है कि उसे इस पैसे का निवेश छह महीने के अंदर करना होगा। एग्जेम्प्शन के लिए 50 लाख रुपये की अधिकतम सीमा है। निवेश के बाद बॉन्ड्स को कम से कम 5 सालों तक रखना होगा।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल में इनकम टैक्स में हुए 7 बड़े रिफॉर्म्स, बदल गई टैक्सपेयर्स की दुनिया

सेक्शन 54एफ का इस्तेमाल

कोई व्यक्ति या एचयूएफ घर के सिवाय किसी कैपिटल एसेट को बेचने से हुए कैपिटल गेंस का इस्तेमाल किसी दूसरे घर को खरीदने के लिए कर सकता है और इस पर एग्जेम्प्शन क्लेम कर सकता है। अगर पूरा कैपिटल गेंस का इस्तेमाल घर खरीदने के लिए जाता है तो पूरे अमाउंट पर एग्जेम्प्शन क्लेम किया जा सकता है। ऐसा नहीं होने पर एग्जेम्प्शन उसी अनुपात में क्लेम किया जा सकता है, जिस अनुपात में कैपिटल गेंस का इस्तेमाल घर खरीदने के लिए किया जाता है। हालांकि, इसके लिए 10 करोड़ की सीमा तय है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।