अब बैंक अपने एटीएम में कार्ड-लेस विड्रॉल की सुविधा शुरू कर सकते हैं। RBI ने 8 अप्रैल को बगैर कार्ड पैसे निकालने की सुविधा का ऐलान किया था। यह ट्रांजेक्शन UPI के जरिए होगा। अभी कुछ बैंक यह सुविधा दे रहे हैं। यह सिस्टम कैसे काम करता है, इससे कस्टमर्स को क्या फायदा होगा, आरबीआई क्यों यूपीआई के जरिए यह फैसिलिटी शुरू करने को कहा है? आइए इन सवालों के जवाब जानते हैं।
कैसे काम करता है यह सिस्टम?
अब तक सिर्फ कुछ बैंकों के कस्टमर्स अपने बैंक के एटीएम नेटवर्क से बगैर कार्ड पैसे निकाल रहे थे। इसका मतलब है कि अगर आप एसबीआई के कस्टमर हैं तो आप सिर्फ एसबीआई के एटीएम से बगैर कार्ड पैसे निकाल सकते थे। कई बार आसपास एसबीआई एटीएम नहीं होने पर इसके लिए दूर जाना पड़ता था। अब इंटरऑपरेबिलिटी शुरू हो जाने पर आप दूसरे बैंक के एटीएम से भी बगैर कार्ड कैश निकाल सकते हैं।
नई फैसिलिटी से कस्टमर्स को क्या फायदा होगा?
इसका एक बड़ा फायदा तो यह है कि आपको पैसे निकालने के लिए अपने वॉलेट में एटीएम कार्ड नहीं रखना होगा। दूसरा बड़ा फायदा यह है कि इससे फ्रॉड में कमी आएगी। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा था कि चूकि पैसे निकालने के लिए फिजिकल कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे स्किमिंग, कार्ड क्लोनिंग, डिवाइस टेंपरिंग जैसे फ्रॉड के मामलों में कमी आएगी।
क्यों RBI ने इस फैसिलिटी के लिए UPI का इस्तेमाल करने को कहा है?
UPI की फैसिलिटी इस्तेमाल करने में बहुत आसान है। दूसरी बात यह है कि यह बहुत तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हुई है। बैंकबाजार डॉट कॉम के सीईओ आदिल शेट्टी ने कहा, "यूपीआई की लोकप्रियता और इस्तेमाल बढ़ने से RBI इसका इस्तेमाल दूसरे तरह के पेमेंट के तरीकों में भी करना चाहता है।" उन्होंने कहा कि अब तक UPI के जरिए सिर्फ फंड ट्रांसफर होता था। अब डेबिट कार्ड के बगैर इससे बैंकों के एटीएम से पैसे भी निकाले जा सकते हैं।
कार्डलेस विड्रॉल का प्रोसेस क्या है?
अभी सभी बैंक UPI-Linked कैश विड्रॉल फैसिलिटी का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। लेकिन, जल्द ज्यादातर बैंकों के इस फैसिलिटी के शुरू कर देने की उम्मीद है। मान लीजिए आपको पास सिटी यूनियन बैंक का सेविंग अकाउंट है। बैंक UPI QR कोड स्कैन के जरिए चुनिंदा एटीएम पर कैश निकालने की सुविधा दे रहा है। ऐसे एटीएम पर आपको कार्डलेस विड्रॉल-क्यूआर-यूपीआई ऑप्शन सेलेक्ट करना होगा। फिर आपको नेक्स्ट पेज पर आगे बढ़ने से पहले आपको अमाउंट एंटर करना होगा।
आपको ध्यान रखना होगा कि अभी बैंक ने इस फैसिलिटी से 5000 रुपये तक निकालने की सुविधा दी है। फिर आपको एटीएम पर आए क्यूआर कोड को भीम ऐप, गूगलपे या पेटीएम एप की मदद से स्कैन करना होगा। फिर आपको मोबाइल में दोबारा अमाउंट चेक करना होगा। उसके बाद पिन डालना होगा और पे पर क्लिक करना होगा। अंतिम स्टेप में आपको एटीएम में कैश ऑप्शन के लिए 'प्रेस हेयर' टैब को क्लिक करना होगा। फिर एटीएम से पैसा बाहर आ जाएगा।