Cipla Q3 results : दवा कंपनी सिप्ला ने 31 दिसंबर, 2021 में समाप्त तिमाही के दौरान 756.88 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो एक साल पहले की समान अवधि में हुए 751.6 करोड़ रुपये के प्रॉफिट के लगभग बराबर है। सीएनबीसी टीवी-18 के पोल्स में दिसंबर तिमाही के दौरान 671.1 करोड़ रुपये के प्रॉफिट का अनुमान लगाया गया था।
सिप्ला ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा, अक्टूबर-दिसंबर, 2021 तिमाही के दौरान कंपना का कुल रेवेन्यू 6 फीसदी बढ़कर 5,478.86 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इससे एक साल पहले समान तिमाही में यह आंकड़ा 5,169 करोड़ रुपये रहा था।
दवा कंपनी का रिजल्ट स्टॉक मार्केट बंद होने के बाद जारी हुआ। इससे पहले मंगलवार को बीएसई पर सिप्ला के शेयर 1.39 फीसदी की मजबूती के साथ 904.10 रुपये पर बंद हुए।
किन वजहों से बिजनेस को मिली मजबूती
तीसरी तिमाही के दौरान कोरोना वायरस के मामलों में कमी के चलते एंटी-इंफेक्टिव और अन्य कोविड संबंधी दवाओं का योगदान घटने से बिक्री प्रभावित रही। नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा, “वित्त वर्ष 22 की तीसरी तिमाही के दौरान प्रमुख बाजारों में अच्छे प्रदर्शन, वनइंडिया की मजबूत स्थिथि और अमेरिकी बिजनेस के सहारे कंपनी को मजबूती मिली।”