सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते ऑटो, टैक्सी ड्राइवरों के एसोसिएशन ने गुरुवार को कहा कि वे गैस प्राइस पर सब्सिडी की मांग करते हुए 18 अप्रैल से हड़ताल पर जाएंगे। बता दें कि इसके पहले सोमवार को दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के झंडे के तले सैकड़ो ऑटो और टैक्सी ड्राइवर दिल्ली सचिवालय के सामने प्रदर्शन करते नजर आए थे। इनकी मांग है कि सीएनसी प्राइस पर सब्सिडी दी जाए।
सीएनजी की कीमतों में 2.5 फीसदी के हालिया बढ़ोतरी के साथ ही ऑटो टैक्सी और कैब ड्राइवर एसोसिएशन के सदस्यों ने गुरुवार को सरकार को चेतावनी दी की वे गैस प्राइस पर सब्सिडी की मांग करते हुए 18 अप्रैल से हड़ताल पर जाएंगे।
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के जनरल सेक्रेटरी राजेंद्र सोनी ने कहा कि केंद्रीय और दिल्ली सरकार की नीतियों के खिलाफ हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सीएनसी की कीमतें हर रोज बढ़ती रहती है। सरकार से हमारी मांग है कि हमको सीएनजी की कीमतों पर 35 रुपये प्रति किलो सब्सिडी उपलब्ध कराई जाए।
हमने इस बारे में दिल्ली के चीफ मिनिस्टर अरविंद केजरीवाल से लिखित आवेदन किया है लेकिन हमें उनके कार्यालय से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने आगे कहा कि हम अपनी समस्याओं के लिए कहां जाएं। ना तो दिल्ली के मुख्यमंत्री और ना ही सरकार के दूसरे मंत्री ही हमें तवज्जो दे रहे हैं।
मीडिया से हुई इस बातचीत में राजेंद्र सोनी ने आगे कहा कि पिछले 7 साल में दिल्ली सरकार ने ऑटो-रिक्शा संघ के साथ कोई भी मीटिंग नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हमारा विरोध प्रदर्शन बढ़ता है तो नेता और सरकार एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का ब्लेम गेम शुरु कर देंगे।
इसी तरह सर्वोदय ड्राइवर्स वेलफेयर एसोसिएशन के रवि राठौर ने कहा कि सीएनसी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से हमारी जेब पर भारी असर पड़ रहा है। हमने 8 और 11 अप्रैल को विरोध प्रदर्शन भी किया लेकिन सरकार ने इस पर मौन साध रखा है। हम अपनी मांगों के समर्थन में 18 अप्रैल को चक्का जाम करेंगे।