CNG Price Hike in Delhi NCR: नए साल से पहले दिल्ली-एनसीआर के लोगों को झटका लगा है। दिल्ली-एनसीआर में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत आज 14 दिसंबर 2023 से 1 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने आधिकारिक तौर पर दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। आज से दिल्ली में सीएनजी के दाम 76.59 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए हैं। सीएनजी की नई दरें आज 14 दिसंबर 2023 सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
4 बार बढ़ चुकी हैं कीमतें
इस साल यानी 2023 में सीएनजी की कीमतें चार बार बढ़ाई गई हैं। इससे पहले कंप्रेस्ड नेचुरल गैस यानी सीएनजी की कीमतें नवंबर और अगस्त में बढ़ाई गई थीं, जबकि जुलाई में सीएनजी की कीमतें कम की गई थीं।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में बढ़ी कीमतें
नोएडा में सीएनजी की नई कीमत 82.20 रुपये प्रति किलोग्राम और ग्रेटर नोएडा में 81.20 रुपये प्रति किलोग्राम है। इनकी दरों में 1-1 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गाजियाबाद में सीएनजी का नया रेट 81.20 रुपये प्रति किलो हो गया है और एनसीआर में शामिल गुरुग्राम में सीएनजी 83.62 रुपये प्रति किलो के दाम पर बिक रही है।
ऑटो-रिक्शा यात्रियों पर पड़ेगा असर
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) की सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का नियमित ऑटो-रिक्शा यात्रियों पर असर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट सेक्टर में इस बढ़ोतरी से यात्रियों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है। ऐसा हो सकता है कि आग ऑटो-रिक्शा का किराया बढ़ जाए और डेली का आने-जाने का खर्च बढ़ जाए।