बाज़ार में आया नया Contra Fund! अब 99 रुपये से शुरू कर सकेंगे SIP, 27 नवंबर को खुलेगा NFO

Mirae Asset Contra Fund उन कंपनियों में पैसा लगाएगा, जो कुछ वक्त के लिए बाजार की पसंद से बाहर हो गई हैं। NFO में कम से कम 5000 रुपये लगाने होंगे, जबकि SIP 99 रुपये महीने से शुरू होगी। फंड का बेंचमार्क Nifty 500 TRI है और फंड हाउस ने कम से कम तीन साल के निवेश का नजरिया रखने की बात कही है।

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 11:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mirae Asset Mutual Fund ने Mirae Asset Contra Fund लॉन्च किया है।

Mirae Asset Mutual Fund बाजार की उल्टी चाल पर दांव लगाने वाला नया फंड लेकर आया है। फंड हाउस ने Mirae Asset Contra Fund लॉन्च किया है, जो एक ओपन एंडेड इक्विटी स्कीम है। ये फंड कॉन्ट्रेरियन स्ट्रेटेजी पर चलेगा और उन बिजनेस पर फोकस करेगा, जो कुछ वक्त के लिए बाजार की पसंद से बाहर हो गए हैं। इसका NFO 27 नवंबर को खुलेगा और SIP सिर्फ 99 रुपये महीने से शुरू की जा सकेगी।

27 नवंबर से 11 दिसंबर तक खुला रहेगा NFO

Mirae Asset Contra Fund का न्यू फंड ऑफर यानी NFO 27 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 11 दिसंबर को बंद होगा। इसके बाद 21 दिसंबर से स्कीम में लगातार सब्सक्रिप्शन और रिडेम्प्शन फिर से शुरू हो जाएगा। मतलब इस तारीख से निवेशक कभी भी यूनिट खरीद और बेच सकेंगे।


निवेश की शुरुआत के लिए बड़ी रकम की जरूरत नहीं है। NFO के दौरान और स्कीम के दोबारा खुलने के बाद, दोनों ही वक्त कम से कम 5000 रुपये लगाने होंगे। इसके ऊपर 1 रुपये के मल्टीपल में और पैसा लगाया जा सकता है। जो लोग हर महीने थोड़ा-थोड़ा निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए कम से कम SIP 99 रुपये महीने रखी गई है। यानी एक वक्त के चाय-नाश्ते जितनी रकम से भी इस फंड में SIP शुरू हो सकती है।

फंड का बेंचमार्क Nifty 500 टोटल रिटर्न इंडेक्स (TRI) होगा, यानी इसके प्रदर्शन की तुलना इसी इंडेक्स से की जाएगी। फंड हाउस ने इस स्कीम के लिए कम से कम तीन साल के लॉन्ग टर्म निवेश का नजरिया बताया है।

बाजार की नजर और असली ताकत के बीच का फर्क पकड़ेगा फंड

कॉन्ट्रेरियन निवेश का मतलब है भीड़ से अलग चलना। जब बाजार किसी कंपनी से दूरी बना ले, तब उसमें मौका तलाशना। इस फंड की पूरी सोच इसी पर टिकी है।

Mirae Asset Investment Managers (India) के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर नीलेश सुराणा ने कहा, "कॉन्ट्रेरियन इन्वेस्टिंग का मतलब किसी कंपनी के फंडामेंटल्स और बाजार फिलहाल उसे जिस नजर से देख रहा है, उसके बीच के अंतर को पहचानना है।"

नीलेश सुराणा के मुताबिक ये स्ट्रेटेजी उन बिजनेस पर फोकस करेगी, जो अपनी इंट्रिंसिक वैल्यू यानी असली कीमत से नीचे ट्रेड कर रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि इस स्ट्रेटेजी में लॉन्ग टर्म निवेश का नजरिया जरूरी है।

पांच पैमानों पर परखे जाएंगे शेयर

ये फंड किसी भी गिरे हुए शेयर को यूं ही नहीं उठाएगा। निवेश के फैसले फंड हाउस के इन हाउस इन्वेस्टमेंट फ्रेमवर्क के आधार पर होंगे, जो हर मौके को पांच पैमानों पर परखता है।

इनमें ये देखना शामिल है कि शेयर कहीं बाजार के सेंटिमेंट की वजह से तो पसंद से बाहर नहीं हुआ। फिर ये परखा जाएगा कि शेयर में आए करेक्शन के पीछे की वजहें कुछ वक्त की हैं या स्ट्रक्चरल यानी बिजनेस की जड़ से जुड़ी हुई। साथ ही ये भी जांचा जाएगा कि कंपनी के बिजनेस के फंडामेंटल्स अब भी मजबूत हैं या नहीं।

फ्रेमवर्क ये भी देखेगा कि बिजनेस में रिकवरी के संभावित ट्रिगर क्या हो सकते हैं। निवेश एक झटके में नहीं, बल्कि धीरे-धीरे यानी स्टैगर्ड तरीके से किया जाएगा। फंड हाउस के मुताबिक सिर्फ वही शेयर फंड में जगह पाएंगे, जो इन शर्तों पर खरे उतरेंगे।

इसे ऐसे समझिए। मान लीजिए किसी कंपनी का शेयर बाजार के खराब मूड की वजह से गिर गया है, लेकिन उसका कारोबार मजबूत बना हुआ है और आगे रिकवरी की वजहें भी दिख रही हैं। ऐसी कंपनी इस फंड के रडार पर आ सकती है।

व्रिजेश कसेरा संभालेंगे कमान, दो साल की गिरावट में दिख रहे मौके

फंड हाउस का कहना है कि पिछले दो साल में बाजार में आए करेक्शन ने कुछ बिजनेस में संभावित मौके पैदा किए हैं। Mirae Asset Investment Managers (India) Pvt. Ltd. के फंड मैनेजर व्रिजेश कसेरा ने कहा कि ये स्कीम रिसर्च पर आधारित निवेश प्रक्रिया के जरिए इन्हीं मौकों को पहचानने की कोशिश करेगी।

इस स्कीम की जिम्मेदारी व्रिजेश कसेरा ही संभालेंगे। वो पहले से Mirae Asset Healthcare Fund को मैनेज कर रहे हैं। इसके अलावा वो Mirae Asset Aggressive Hybrid Fund और Mirae Asset Equity Savings Fund के को-फंड मैनेजर भी हैं।

Bank FD: PNB की 680 दिन वाली स्पेशल FD स्कीम पर 7.65% तक तगड़ा ब्याज, ₹5 और ₹10 लाख पर इतना होगा मुनाफा

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।