नया फाइनेंशियल ईयर शुरू हो गया है। एंप्लॉयीज खासकर प्राइवेट कंपनियों में काम करने वाले लोगों के लिए यह समय बहुत खास होता है। दरअसल, एंप्लॉयीज इंक्रीमेंट लेटर (Increment Letter) का इंतजार करते हैं। पिछले फाइनेंशियल ईयर में उनके परफॉर्मेंस के आधार पर उनकी सैलरी में इंक्रीमेंट होता है। साथ ही उन्हें वेरिएबल पे (Variable Pay) का पैसा भी मिलता है। वेरिएबल पे का कितना फीसदी हिस्सा मिलेगा, यह एंप्लॉयीज के पिछले साल के प्रदर्शन के आधार पर तय होता है। इंक्रीमेंट और वेरिएबल का पेमेंट नए फाइनेंशियल ईयर के पहले महीने से ड्यू हो जाता है। लेकिन, कुछ ही कंपनियां इसका प्रोसेस समय पर पूरा करती हैं। आम तौर पर इसमें एक-दो महीने की देर हो जाती है।
वेरिएबल पे आपको सीटीसी का हिस्सा होता है। आपकी सैलरी से कंपनी हर महीने एक फिक्स्ड अमाउंट काटती है। उसका पेमेंट नए फाइनेंशियल ईयर में वह एंप्लॉयीज को करती है। आम तौर पर इंक्रीमेंट और वेरिएबल पे का पेमेंट एक साथ होता है। वेरिएबल पे एंप्लॉयीज को पूरा नहीं मिलता है। यह वेरिएबल पे के कुल अमाउंट का 75 से 90 फीसदी के बीच होता है। यह 80 फीसदी होगा या 90 फीसदी, यह एंप्लॉयी के पिछले फाइनेंशियल ईयर के परफॉर्मेंस पर निर्भर करता है। इसीलिए इसे वेरिएबल पे कहा जाता है।
आपके लिए वेरिएबल पे को लेकर प्लान बना लेना जरूरी है। इसकी वजह यह है कि आम तौर पर यह अमाउंट बड़ा होता है। इसलिए पहले से प्लान नहीं होने पर यह पैसा इधर-उधर खर्च हो जाता है। फिर, बाद में आपको अफसोस होता है कि आपने इस पैसे का इस्तेमाल सही तरह से नहीं किया। इसलिए अभी से प्लान बना लेना ठीक रहेगा। एक-दो महीने में आपकी कंपनी आपको वेरिएबल पे का पेमेंट कर देगी।
क्रेडिट कार्ड लोन का पेमेंट फर्स्ट प्रायरिटी
अगर आपने क्रेडिट कार्ड पर कर्ज लिया है या किसी दोस्त-रिश्तेदार से कर्ज लिया है तो वेरिएबल पे के पैसे का इस्तेमाल उसे चुकाने के लिए करना ठीक रहेगा। इसकी वजह यह है कि क्रेडिट कार्ड के कर्ज का इंटरेस्ट रेट काफी ज्यादा होता है। कई बार अचानक जरूरत पड़ने पर हमें क्रेडिट कार्ड पर कर्ज लेना पड़ता है। वेरिएबल पे के एक हिस्से का इस्तेमाल आप इस कर्ज को चुकाने के लिए कर सकते हैं। इससे हर महीने आपको इंटरेस्ट चुकाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, आपको कुछ पैसा बतौर पेनाल्टी तय समय से पहले कर्ज चुकाने के लिए देना पड़ सकता है। फिर भी आप फायदे में रहेंगे।
अगर आपने इमरजेंसी फंड नहीं बनाया है या आपका यह फंड बहुत छोटा है तो उसे बढ़ाने के लिए आप वेरिएबल पे के कुछ हिस्से का इस्तेमाल कर सकते हैं। इमरजेंसी फंड आपको अचानक आने वाली आर्थिक मुश्किल से बचाता है। इस फंड के होने पर हमें दोस्त या रिश्तेदार से पैसे उधार मांगने की जरूरत नहीं पड़ती है। आप इमर्जेंसी फंड बनाने के लिए बैंक के फिक्स्ड डिपॉजिट या म्यूचुअल फंड की लिक्विड स्कीम का इस्तेमाल कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर दोनों में से काफी कम समय में पैसा निकाला जा सकता है।
होम लोन का प्रीृ-पेमेंट कर दें
अगर आपने होम लोन लिया है तो आप लोन का कुछ हिस्से का प्री-पेमेंट कर सकते हैं। इसके लिए आप अपने वेरिएबल पे के एक हिस्से का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप हर साल वेरिएबल पे के एक हिस्से का इस्तेमाल होम लोन के प्री-पेमेंट के लिए करते हैं तो आपका लोन तय समय से काफी पहले खत्म हो जाएगा। इस तरह आप हर महीना EMI चुकाने के बोझ से मुक्त हो जाएंगे। साथ ही लोन के इंटरेस्ट के रूप में खर्च होने वाला अमाउंट भी काफी बच जाएगा।
हॉलीडे प्लान के लिए इ्सतेमाल
अगर आप परिवार के साथ हॉलीडे पर जाना चाहते हैं तो उसके लिए वेरिएबल पे के एक हिस्से का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए आपके पास पहले से बचत होनी चाहिए। वेरिएबल पे का पूरा पैसा हॉलीडे पर खर्च कर देना समझदारी नहीं है। हॉलीडे पर परिवार के साथ जाने का फायदा यह है कि आप और आपका परिवार छुट्टियों के बाद तरोताजा महसूस करता है। इससे आपकी और परिवार के दूसरे सदस्यों की प्रोडक्टिविटी बढ़ जाती है।