7th Pay Commission DA Hike: केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। केन्द्रीय कैबिनेट की मीटिंग में डियरनेस अलाउंस (DA) में 4 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई। हालांकि अभी तक इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि सरकार की ओर से बढ़े हुए DA का आधिकारिक ऐलान 28 सितंबर यानि नवरात्र के तीसरे दिन किया जा सकता है।
बता दें कि बढ़ा हुआ डीए 1 जुलाई 2022 से लागू होगा। केंद्रीय कर्मचारियों को सितंबर की सैलरी के साथ बढ़ा हुआ डीए भी मिलेगा। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को मिलने वाला कुल महंगाई भत्ता 38 फीसदी हो जाएगा।
7वां वेतन आयोग के मुताबिक कैबिनेट सेक्रेटरी के लेवल पर कम से कम बेसिक सैलरी 56,900 रूपये है। जबकि अन्य के लिए न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। 38 फीसदी DA के हिसाब से 56,900 रुपये की बेसिक सैलरी पर सालाना महंगाई भत्ते में कुल 27,312 रुपये की बढ़ोतरी होगी। वहीं 18,000 रुपये की बेसिक सैलरी पर सालाना DA में कुल इजाफा 6,840 रुपये की बढोतरी होगी। कहा जा रहा है कि सितंबर की सैलरी के साथ ही कर्मचारियों को बढ़ा हुआ DA मिलेगा। इसके साथ ही जुलाई और अगस्त के एरियर का भी पैसा मिलेगा। सरकार के इस फैसले से एक करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा मिलेगा।
जानिए कैसे बढ़ता है महंगाई भत्ता
बता दें कि हाल ही में ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर (AICPI-IW) ने मौजूदा फस्कल ईयर की पहली छमाही का डेटा जारी किया है। इस इंडेक्स में 0.2 पॉइंट की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इंडेक्स में आई इसी तेजी को देखते हुए सरकार DA में 4 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है। सरकार इस इंडेक्स को आधार बनाकर DA तय करती है।