आधार कार्ड (Aadhaar Card) का इस्तेमाल करके मनी ट्रांजैक्शन अप्रैल के महीने में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। अप्रैल के महीने में 1.96 अरब आधार वेरिफाइड लेन-देन किए गए हैं। यह आंकड़ा पिछले फाइनेंशियल ईयर में इसी समय के आंकड़े से लगभग 19 प्रतिशत तक ज्यादा है। वहीं अप्रैल में 250 मिलियन से भी ज्यादा ई-केवाईसी लेनदेन किए गए हैं।
1 अरब से भी ज्यादा के वेरिफिकेशन
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक आधार धारकों ने अप्रैल 2023 में 1.96 अरब वेरिफिकेशन किए। जो कि अप्रैल 2022 के मुकाबले 19.3 फीसदी तक ज्यादा है। इनमें से ज्यादातर ट्रांजैक्शन फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करके किए गए। इसके बाद डेमोग्राफिक और ओटीपी आधारित वेरिफिकेशन किए गए।
तेजी से बढ़ा है आधार कार्ड का इस्तेमाल
देश भर में आधार कार्ड का इस्तेमाल भी बेहद ही तेजी से बढ़ा है। देश में आधार का इस्तेमाल बढ़कर 94.8 प्रतिशत हो गया है। जो लोगों के बीच आधार की पहुंच और अपनाने का संकेत है। वहीं अप्रैल के महीने के दौरान 15.44 मिलियन से भी ज्यादा आधार कार्ड अपडेट किए गए थे। आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम, निचले और तरीब तबके में आने वाले लोगों के लिए भी खासा बेहतर साबित हो रहा है। अप्रैल 2023 में AePS और माइक्रो एटीएम के नेटवर्क के माध्यम से 200.6 मिलियन से अधिक बैंकिंग लेनदेन (Online Money Transaction with Aadhaar) हुआ था।
अप्रैल में हुआ 250 मिलियन से ज्यादा का ट्रांजैक्शन
आधार ई-केवाईसी सर्विस बैंकिंग और गैर-बैंकिंग क्षेत्रों में पारदर्शी और बेहतर ग्राहक अनुभव प्रदान करके और व्यापार करने में अहम भूमिका अदा कर रही है। अकेले अप्रैल के महीने में ही 250.5 मिलियन से ज्यादा ई-केवाईसी ट्रांजैक्शन किए गए थे। अप्रैल 2023 के आखिरी तक ई-केवाईसी की कुल संख्या 14.95 अरब पर पहुंच गई थी। ई-केवाईसी को जारी रखने से वित्तीय संस्थानों और टेलीकॉम कंपनियों को ग्राहकों को जोड़ने में बेहद ही आसानी हो रही है।