टमाटर के बाद सस्ती दर पर अब प्याज भी बेचेगी सरकार, सोमवार से दिल्ली में 25 रुपए किलो की कीमत पर खरीदें

भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) पहले से ही केंद्र सरकार की ओर से रियायती दर पर टमाटर बेच रहा है और अब उसे ‘बफर स्टॉक’ से प्याज की रिटेल बिक्री का काम सौंपा गया है। सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए प्याज का ‘बफर स्टॉक’ का तीन लाख टन का लक्ष्य रखा था, जिसे अब दो लाख टन और बढ़ा दिया गया है

अपडेटेड Aug 20, 2023 पर 9:55 PM
टमाटर के बाद सस्ती दर पर अब प्याज भी बेचेगी सरकार

सहकारी NCCF लोगों को प्याज की बढ़ती कीमतों (Onion Price Hike) से राहत देने के लिए सोमवार से राष्ट्रीय राजधानी (Delhi) में 25 रुपए प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर सरकारी ‘बफर स्टॉक’ (Buffer Stock) से इसकी रिटेल बिक्री शुरू करेगा। NCCF के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) पहले से ही केंद्र सरकार की ओर से रियायती दर पर टमाटर बेच रहा है और अब उसे ‘बफर स्टॉक’ से प्याज की रिटेल बिक्री का काम सौंपा गया है।

सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए प्याज का ‘बफर स्टॉक’ का तीन लाख टन का लक्ष्य रखा था, जिसे अब दो लाख टन और बढ़ा दिया गया है।

NCCF की मैनेजिंग डायरेक्टर अनीस जोसफ ने PTI से कहा, “शुरुआत में हम दिल्ली में प्याज की खुदरा बिक्री (बफर स्टॉक से) शुरू करेंगे। हम मोबाइल वैन और दो रिटेल दुकानों के जरिए 25 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर उसे बेचेंगे।”


उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को लगभग 10 मोबाइल वैन भेजी जाएंगी और धीरे-धीरे और इलाकों को कवर किया जाएगा। NCCF राष्ट्रीय राजधानी में नेहरू प्लेस और ओखला में अपनी दो रिटेल दुकानों के जरिए भी प्याज बेचेगा।

उन्होंने कहा कि NCCF ने ONDC (डिजिटल कॉमर्स के लिए ओपन नेटवर्क) प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन प्याज बेचने की भी योजना बनाई है और वह इसके तौर-तरीकों पर काम कर रहा है।

सरकार इस साल और खरीदेगी दो लाख टन प्याज, पांच लाख टन ‘बफर स्टॉक’ का टारगेट

सरकार ने बाजार में दखल के लिए दिल्ली, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और असम को चिह्नित किया है। इन पांच राज्यों में थोक और खुदरा दोनों बाजारों में ‘बफर स्टॉक’ के प्याज का इस्तेमाल किया जा रहा है।

जोसफ ने कहा कि थोक बाजारों में बफर प्याज मंडी दर पर बेचा जा रहा है, जबकि खुदरा बाजारों में 25 रुपए प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर बेचा जा रहा है। दिल्ली में खुदरा बिक्री सोमवार से शुरू होगी, जबकि बाकी चार राज्यों में ये दो दिन बाद शुरू होगी।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्याज की देशभर में खुदरा कीमत रविवार को सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 29.73 रुपए प्रति किलोग्राम थी। बीते वित्त वर्ष इसी दिन यह 25 रुपए प्रति किलोग्राम थी।

दिल्ली में प्याज की खुदरा कीमत 37 रुपए प्रति किलोग्राम है, जो पिछले साल इसी दिन 28 रुपए प्रति किलोग्राम थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।