Bharti Airtel minimum monthly recharge : भारती एयरटेल ने अपने 28 दिन वाले मोबाइल फोन सर्विस प्लान (mobile phone service plan) के मिनिमम रिचार्ज की कीमत 57 फीसदी बढ़ा दी है। हालांकि, यह बढ़ोतरी हरियाणा और ओडिशा के लिए की गई है। कंपनी की वेबसाइट और एनालिस्ट्स के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। कंपनी अपना 99 रुपये वाला सबसे सस्ता रिचार्ज प्लान बंद कर दिया है, जिसमें 200 एमबी डेटा और 2.5 पैसे प्रति सेकेंड की दर से कॉल्स मिलती हैं। हरियाणा और ओडिशा में अब 155 रुपये वाले प्लान की पेशकश की जा रही है, जिसमें अनलिमिटेड कॉलिंग, 1 जीबी डेटा और 300 एसएमएस मिलेंगे।
पूरे भारत में लागू हो सकता है प्लान
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ने परीक्षण के तौर पर यह नया प्लान शुरू किया है और इसके परिणाम के आधार पर पूरे भारत में इसे लागू करने की संभावना है। इसी के साथ 28 दिन के लिए 155 रुपये से कम कीमत वाले सभी एसएमएस और डेटा प्लान बंद किए जाने की संभावना है। इसका मतलब है कि मासिक प्लान में एसएमएस सेवा प्राप्त करने के लिए भी ग्राहकों को अब 155 रुपये वाला रिचार्ज कराना होगा। इस संबंध में भारती एयरटेल को भेजे गए ईमेल का कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया।
क्या फिर 99 का प्लान ला सकती है एयरटेल
ICICI Securities ने कहा कि Bharti Airtel ने हरियाणा और ओडिशा सर्किलों के लिए एक मार्केट टेस्टिंग टैरिफ हाइक की है। इससे उसके अनुमानों में एक बड़ा जोखिम जुड़ गया है।
ICICI Securities के रिसर्च एनालिस्ट्स संजेश जैन और आकाश कुमार ने अपनी रिपोर्ट में कहा, “पुराने 99 रुपये के रिचार्ज में 28 दिन के लिए 99 रुपये का टॉक टाइम वैल्यू और बहुत कम डाटा था। इसके विपरीत 155 रुपये के मिनिमम रिचार्ज में अनलिमिटेड वॉइस, 1 जीबी डेटा और 300 एसएमएस मिल रहे हैं। इसके लिए मिनिम रिचार्ज वैल्यू में 57 फीसदी की भारी बढ़ोतरी की गई है और यह ऐसे कस्टमर सेगमेंट के लिए है, जहां कीमत की खासी अहमियत है।”
रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल उसके प्रतिस्पर्धी की प्रतिक्रिया का इंतजार करते हैं। यदि उसे पर्याप्त सपोर्ट नहीं मिलता है तो भारती को फिर से 99 रुपये का पैक बहाल करना पड़ सकता है।