Chief Minister Kisan Kalyan Yojana: खेती को फायदे का बिजनेस बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसमें राज्य सरकारें भी अपने किसानों की कमाई बढ़ाने के लिए योजनाएं चला रही हैं। इसबीच मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार ने किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, सूबे में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना (Chief Minister Kisan Kalyan Yojana) चलाई जा रही है। राज्य के सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने इस योजना के तहत किसानों को 6,000 रुपये सालाना देने का ऐलान किया है। अभी तक इस योजना के तहत किसानों को सालाना 4,000 रुपये मुहैया कराए जाते थे।
राज्य के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि राज्य के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये मुहैया कराए जाते हैँ। अब राज्य सरकार की ओर से भी अन्नदाताओं को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत सालाना 6000 रुपये मुहैया कराए जाएंगे।
35 साल की सरकारी नौकरी पूरी करने वालों को तोहफा
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि जिन सरकारी कर्मचारियों की सेवा के 35 साल पूरे हो चुके हैं। उन्हें चौथी बार पे स्केल (pay scale) दिया जाएगा। राज्य सरकार के इस फैसले से 35 साल या उससे अधिक की सरकारी सेवा कर चुके कर्मचारियों को चौथी बार 1 जुलाई से पे स्केल मिलेगा। इसे लागू करने से राज्य सरकार के ऊपर करीब 250 करोड़ रुपये का खर्च बढ जाएगा। वहीं मंत्रि-परिषद की एक बैठक में राज्य सरकार के सभी विभागों के समान संवर्गों के लिए करियर प्रमोशम स्कीम (Career Promotion Scheme) लागू करने की मंजूरी दी है। वहीं एक अन्य फैसले में राज्य मंत्रिमंडल ने राज्य के युवाओं को कला प्रशिक्षण फेलोशिप 2023 (art training fellowship-2023) देने का फैसला किया है।
3 महीने तक युवाओं को मिलेंगे 10,000 रुपये
पारंपरिक और जनजातीय लोक कला (traditional and tribal folk art) को बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय के जरिए सूबे के 1,000 युवाओं को 3 महीने तक 10,000 रुपये की मानद फेलोशिप मुहैया करने की मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत युवाओं को 3 महीने में गायन, संगीत, नृत्य, थिएटर, पेंटिंग और शिल्प आदि कलाओं में से किसी एक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।