बिना इंटरनेट के भी धड़ाधड़ होगा UPI पेमेंट! स्मार्टफोन हो या 1000 रुपये वाला कीपैड फोन, आज ही नोट कर लें ये 5 स्टेप्स

UPI Payment Without Internet: कई बार आप किसी दुकान पर सामान खरीदतें और अचानक आपके फोन का इंटरनेट डेटा खत्म हो जाता है या मोबाइल नेटवर्क गायब हो जाता है। ऐसे में जेब में कैश न होने पर बड़ी फजीहत में पड़ जाते हैं। वैसे अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है

अपडेटेड May 29, 2026 पर 4:28 PM
Story continues below Advertisement
NPCI एक ऐसी धांसू सर्विस देता है, जिसके जरिए आप बिना इंटरनेट के भी किसी को भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं

How To Use UPI Without Internet: आज के दौर में गूगल पे, फोनपे या पेटीएम के जरिए यूपीआई पेमेंट करना हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। लेकिन जरा सोचिए, आप किसी दुकान पर सामान खरीदें और अचानक आपके फोन का इंटरनेट डेटा खत्म हो जाए या मोबाइल नेटवर्क गायब हो जाए! ऐसे में जेब में कैश न होने पर बड़ी फजीहत हो सकती है।

लेकिन अब आपको परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक ऐसी धांसू सर्विस देता है, जिसके जरिए आप बिना इंटरनेट के भी किसी को भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। इसके लिए न तो वाई-फाई चाहिए और न ही मोबाइल डेटा। यह सर्विस महंगे स्मार्टफोन के साथ-साथ साधारण कीपैड वाले फीचर फोन पर भी उतनी ही तेजी से काम करती है।

आइए जानते हैं कि बिना इंटरनेट के यूपीआई पेमेंट करने का पूरा तरीका क्या है।


सर्विस शुरू करने से पहले चेक कर लें ये 3 बातें

  1. आपका मोबाइल नंबर आपके बैंक खाते से लिंक होना चाहिए।
  2. आपके नंबर पर यूपीआई सर्विस पहले से एक्टिवेट होनी चाहिए।
  3. आपके फोन में नॉर्मल कॉल और एसएमएस (SMS) के लिए मोबाइल नेटवर्क सिग्नल होना चाहिए।

बिना इंटरनेट के पैसे भेजने का Step-by-Step तरीका

इंटरनेट बंद होने पर पैसे भेजने के लिए आपको इन 5 आसान स्टेप्स को फॉलो करना होगा:

स्टेप 1: फोन से डायल करें *99#: सबसे पहले अपने फोन का डायलर खोलें और *99# टाइप करके कॉल बटन दबाएं। ध्यान रहे कि आपको उसी मोबाइल नंबर से डायल करना है जो आपके बैंक अकाउंट से लिंक है। यह सर्विस भारत के लगभग सभी प्रमुख बैंकों में काम करती है।

स्टेप 2: 'पैसे भेजें' का ऑप्शन चुनें: नंबर डायल करते ही आपके फोन की स्क्रीन पर एक पॉप-अप मेनू खुलेगा, जिसमें कई बैंकिंग विकल्प दिखाई देंगे जैसे- पैसे भेजें, पैसे के लिए अनुरोध करें, बैलेंस चेक करें और माई प्रोफाइल। यहां आपको पैसे भेजने के लिए 'Send Money' वाले विकल्प का नंबर डालकर रिप्लाई करना होगा।

स्टेप 3: चुनें कि पैसे कैसे भेजने हैं: इसके बाद स्क्रीन पर नया विकल्प आएगा कि आप पैसे किस माध्यम से भेजना चाहते हैं। आप सामने वाले के यूपीआई आईडी, मोबाइल नंबर, या फिर बैंक अकाउंट नंबर और आईएफएससी (IFSC) कोड के जरिए पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। अपनी पसंद का विकल्प चुनें।

स्टेप 4: सामने वाले की डिटेल और अमाउंट डालें: अब आपने जो भी माध्यम चुना है, उसके अनुसार सामने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी या बैंक डिटेल ध्यान से टाइप करें। इसके बाद जितने पैसे भेजने हैं, वह राशि दर्ज करें। कुछ बैंक आपको ट्रांजैक्शन के साथ एक छोटा नोट या रिमार्क जैसे- रेंट, फूड आदि लिखने का विकल्प भी देते हैं। आगे बढ़ने से पहले डिटेल्स को एक बार दोबारा जरूर जांच लें।

स्टेप 5: यूपीआई पिन दर्ज करें: आखिरी स्टेप में पेमेंट को पूरा करने के लिए अपना गोपनीय यूपीआई पिन दर्ज करें। पिन डालते ही आपका पेमेंट तुरंत प्रोसेस हो जाएगा और पैसे सामने वाले के खाते में ट्रांसफर हो जाएंगे। ट्रांजैक्शन सफल होने के बाद आपकी स्क्रीन पर और एसएमएस के जरिए इसकी पुष्टि मिल जाएगी।

ये बातें जाननी है जरूरी

छोटा सा चार्ज: ऑफलाइन यूपीआई (*99#) सर्विस का इस्तेमाल करने पर आपका टेलीकॉम ऑपरेटर जैसे- जियो, एयरटेल, वीआई आपसे एक छोटा सा शुल्क ले सकता है।

क्षेत्रीय भाषाओं का सपोर्ट: यह सर्विस केवल अंग्रेजी ही नहीं, बल्कि कई भारतीय भाषाओं को भी सपोर्ट करती है, जिससे ग्रामीण इलाकों के लोग भी आसानी से अपनी भाषा में विरासत के साथ बैंकिंग कर सकते हैं।

एक्टिव नंबर जरूरी: यह सुविधा केवल तभी काम करेगी जब आपका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर चालू स्थिति में हो।

तो अगली बार अगर बाजार में आपका इंटरनेट धोखा दे जाए, तो घबराएं नहीं, बस *99# मिलाएं और आसानी से अपना पेमेंट पूरा करें!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।