Kanya Sumangala Yojana: रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सूबे की बेटियों के लिए बड़ी सौगात दी है। लोकभवन में आयोजित एक कारयक्रम में 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला' योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस योजना में धनराशि बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने वित्त वर्ष 2024-2025 से कन्या सुमंगला योजना की धनराशि को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये करने जा रही है। इससे प्रदेश की बेटियों को अपने सपने को पूरा करने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार की इस योजना से वो शिक्षित होने के साथ-साथ ही आत्मनिर्भर भी बन सकेंगी।
सीएम योगी ने कहा कि आज रक्षाबंधन का पावन पर्व है। प्रदेश भर की अपनी सभी बहनों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आज से परिवहन निगम और सिटी बसों की सुविधा का फायदा बेटियां उठा सकेंगी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए हमारा भारतीय समाज मातृ वंदना से चलता है।
बेटी के जन्म होते ही मिलेंगे 5,000 रुपये
इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि पहले इस योजना के तहत 6 चरणों में 15,000 रुपये का पैकेज दिया जाता था। अगले साल से बेटी के जन्म लेती ही उसके अभिभावक के अकाउंट में 5,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इसी तरह जब बेटी एक साल की होगी तो 2000 रुपये, बेटी के पहली क्लास में जाते ही 3,000 रुपये, छठी क्लास में प्रवेश लेने पर 3,000 रुपये, नवीं क्लास में जाने पर 5,000 रुपये और अगर बेटी स्नातक या डिप्लोमा या सर्टिफिकेट का कोई कोर्स करेगी तो उसके अकाउंट में 7,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इस योजना के तहत परिवार की 2 बेटियों को फायदा मिलता है। सरकार का मानना है कि इस योजना से बेटियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कन्या सुमंगला योजना में कौन उठा सकते हैं फायदा?
इस योजना का फायदा उठाने के लिए उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए। उसके पास स्थायी निवास प्रमाण पत्र होना जरूरी है। निवास प्रमाण पत्र के रूप में राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, बिजली या टेलीफोन का बिल मान्य होगा। परिवार की अधिकतम इनकम 3 लाख रुपये से ज्यादा न हो। परिवार में अधिक से अधिक 2 बेटियों के नाम से अकाउंट खुलवा सकते हैं।
कन्या सुमंगला योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट sky.up.gov.in पर विजिट करें। इसके होम पेज पर Citizen Service Portal पर क्लिक करें। इसके बाद सामने एक फॉर्म खुल जाएगा। जो भी जानकारी पूछी गई हो उसमें भरें। इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर, माता-पिता का नाम, आधार नंबर जैसी डिटेल दर्ज करनी होगी। फिर सब्मिट में बटन दबा दें। मोबाइल नंबर एक OTP आएगा। वह ओटीपी फॉर्म में दर्ज करें। इसे बाद आपका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाएगा। अब आपका User ID और password बन जाएगा। दोबारा लॉग इन करके अपने डॉक्यूमेंट्स अपलोड करके सब्मिट कर दें।