सरकार ने 24 जुलाई को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी (CBT) की भविष्य निधि (PF) में जमा पर ब्याज दर बढ़ाकर 8.15 प्रतिशत करने की सिफारिश को मंजूर कर लिया था। इस ऐलान के बाद से ही कई सारे ईपीएफ मेंबर अपने अकाउंट में इंटरेस्ट के डिपॉजिट होने का इंतजार कर रहे हैं। इस पर एक मेंबर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि फाइनेंशियल ईयर 2022-23 के लिए हम अपनी पासबुक में ब्याज कब जोड़ेंगे। इस पर जवाब देते हुए ईपीएफओ ने लिखा कि प्रोसेस पाइपलाइन में है और इसे जल्द ही क्रेडिट किया जाएगा। जब भी ब्याज मिलेगा जमा किया जाएगा और पूरा भुगतान किया जाएगा। ब्याज की कोई हानि नहीं होगी। कृपया धैर्य बनाए रखें।
मंथली आधार पर की जाती है ब्याज की गणना
हालांकि EPF खाते में ब्याज को मंथली आधार पर कैलकुलट किया जाता है पर इसे फाइनेंशियल ईयर के आखिर में जमा किया जाता है। ट्रांसफर होने वाले ब्याज को अगले महीने शेष राशि में जोड़ा जाता है और फिर उसे उस महीने की बाकी रकम पर ब्याज की को कैलकुलेट करने के लिए कंपाउंड किया जाता है। एक बार खाते में ब्याज जमा हो जाने के बाद ईपीएफ के सब्सक्राइबर्स ईपीएफओ वेबसाइट, एसएमएस, मिस्ड कॉल या यहां तक कि उमंग ऐप से भी अपना बैलेंस चेक कर सकते हैं।
ऐसे चेक कर सकते हैं अपना ईपीएफ बैलेंस
वेबसाइट के जरिए अपना ईपीएफ बैलेंस चेक करने के लिए सबसे पहले आपको इसकी ऑफीशियल वेबसाइट epfindia.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद आपको होमपेज पर जाकर सर्विसेज पर क्लिक करके फॉर इंप्लॉयर्स के ऑप्शन पर जाना होगा। इसके बाद आप एक नए पेज पर पहुंच जाएंगे। वहां पर आपको सर्विसेज के ऑप्शन पर मेंबर पासबुक पर क्लिक करना होगा। जिसके बाद आपको एक लॉगइन पेज दिखाई देगा। यहां पर आपको यूएएन, पासवर्ड और कैप्चा डालकर अपने अकाउंट में साइन इन करें। अब आप अपने अकाउंट की डिटेल के साथ इंप्लॉयर्स की तरफ से कंट्रीब्यूट की गई रकम को भी देख सकते हैं। इसके अलावा आप एसएमएस, मिस्ड कॉल और उमंग ऐप के जरिए भी अपना बैलेंस चेक कर सकते हैं।