Lek Ladki Yojana: बेटी को मिलेंगे 1.01 लाख रुपये! 'लेक लाडकी स्कीम' के लिए अप्लाई करना हुआ अब और आसान, डॉक्युमेंट्स भी कम हुए

Maharashtra Lek Ladki scheme: महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने लड़कियों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाई जा रही 'लेक लाडकी योजना' की जानकारी देते हुए बताया कि अब पात्र लाभार्थी स्कीम के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद वित्तीय सहायता की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी

अपडेटेड Aug 16, 2026 पर 1:49 PM
Lek Ladki scheme: 'लेक लाडकी स्कीम' के लिए अप्लाई करना अब और आसान हो गया है

Lek Laadki scheme: महाराष्ट्र सरकार ने लड़कियों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाई जा रही 'लेक लाडकी योजना' की आवेदन प्रक्रिया को आसान बना दिया है। राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब पात्र लाभार्थी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और वित्तीय सहायता की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा क्रियान्वित इस योजना का मुख्य उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना, उन्हें सशक्त बनाना और उनके प्रति समाज में एक सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है।

आपले सरकार पोर्टल से होगा ऑनलाइन आवेदन, डॉक्युमेंट्स हुए कम

राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने एक बयान जारी कर बताया कि पात्र बेटियों के माता-पिता अब आपले सरकार (Aaple Sarkar) पोर्टल के माध्यम से सीधे ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। योजना का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की संख्या को पहले से काफी कम कर दिया गया है। अब आधार का इस्तेमाल करके लाभार्थी का पूरा विवरण ऑटोमेटिकली फेच किया जाएगा।


इसके साथ ही पात्र बालिका, उसकी माता और पिता का ई-केवाईसी पूरा किया जाएगा। योजना के तहत मिलने वाली पूरी आर्थिक मदद डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे लिंक किए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।

आवेदन की समय-सीमा और अगले चरणों का नियम

पहले वंचित रह गए पात्र लाभार्थियों को इस योजना का लाभ उठाने का अवसर देने के लिए सरकार ने विशेष प्रावधान किया है। 1 अप्रैल 2023 से पात्र बालिकाएं अब 15 अगस्त 2027 तक आवेदन कर सकती हैं। नए जन्म लेने वाले मामलों में बच्ची के जन्म के एक वर्ष के भीतर आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। यह योजना बालिका के जीवन के अलग-अलग चरणों में वित्तीय सहायता देती है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों को बाद के चरणों में लाभ प्राप्त करने के लिए अलग से नया आवेदन जमा नहीं करना पड़ेगा।

किस उम्र में कितनी मिलेगी आर्थिक मदद?

मंत्री अदिति तटकरे के मुताबिक लेक लाडकी योजना के तहत बेटियों को कुल 1.01 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। 1 अप्रैल 2023 या उसके बाद जन्मी लड़कियों को जन्म के तुरंत बाद 5000 रुपये की पहली किस्त मिलेगी। कक्षा 1 में प्रवेश लेने पर 6000 रुपये की सहायता मिलेगी। इसी कक्षा 6 में प्रवेश लेने पर 7000 रुपये की राशि मिलेगी। कक्षा 11 में प्रवेश लेने पर 8000 रुपये मिलेंगे। बालिका के 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेने के बाद 75000 रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाएगी।

कौन हैं इस योजना के लिए पात्र?

योजना के तहत पात्रता की शर्तें यहां नीचे दी गई हैं:-

  • परिवार का महाराष्ट्र का निवासी होना अनिवार्य है।
  • परिवार के पास पीला या नारंगी राशन कार्ड होना चाहिए।
  • परिवार को सरकार द्वारा निर्धारित आय और अन्य शर्तों को पूरा करना होगा।

मंत्री अदिति तटकरे ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 2,98,695 लाभार्थियों को 'लेक लाडकी' योजना की पहली किस्त मिल चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सरलीकृत प्रक्रिया से आवेदन प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और लाभार्थी-केंद्रित बनेगी, जिससे अधिक से अधिक पात्र बेटियों को योजना का लाभ मिल सकेगा।

ये भी पढ़ें- Blinkit के आइसक्रीम फ्रीजर में चूहा दिखने का दावा, FDA के एक्शन के बीच वायरल हुआ हैरान करने वाला वीडियो!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।