मिंत्रा (Myntra) पर कपड़े खरीदना अब और महंगा हो गया है, चाहे ऑर्डर बड़ा ही क्यों न हो। देश की दूसरी सबसे बड़ी ई-कॉमर्स साइट मिंत्रा अब एक हजार रुपये से अधिक के हर ऑर्डर पर 10 रुपये का सुविधा शुल्क लेगी। 1 हजार रुपये से कम के ऑर्डर पर यह पहले ही करीब दो साल से 99 रुपये का चार्ज एक्स्ट्रा ले रही है। यह फीस मिंत्रा के मेंबरशिप प्रोग्राम मिंत्रा इनसाइडर (Myntra Insider) में शामिल खरीदारों को भी चुकाना है। इस चार्ज के जरिए मिंत्रा की कोशिश अपने मुनाफे को बढ़ाना है और इसके ऑर्डर वॉल्यूम और ऑर्डर साइज को देखते हुए इस चार्ज से इसकी अच्छी-खासी कमाई का अनुमान लगाया जा सकता है। एनालिस्ट्स के मुताबिक मिंत्रा पर हर दिन औसतन 5 लाख ऑर्डर होते हैं और इनका औसतन साइज 1400 रुपये है।
Myntra ने इस फीस को लेकर क्या बताई वजह
साइट पर एक पॉप-अप मैसेज में मिंत्रा का कहना है कि यह शुल्क उन सेवाओं के लिए लगाया जा रहा है जो उसने तकनीकी विशेषज्ञता देने, सभी ब्रांड को एक जगह लाने और बिक्री के बाद सपोर्ट के लिए दी हैं। मिंत्रा के एक प्रवक्ता के मुताबिक ग्राहकों से मामूली शुल्क लिया जा रहा है और इसके बदले में उन्हें बेस्ट वैल्यू ऑफर करते हुए खरीदारी का विश्व स्तरीय अनुभव दिया जा रहा है।
इसके कारोबार को नहीं लगेगा झटका, एनालिस्ट्स का अनुमान
एनालिस्ट्स के अनुमान के मुताबिक कन्वीन्यन्स फी से खास असर नहीं पड़ेगा। Forrester के साथ काम कर चुके एक स्वतंत्र ई-कॉमर्स एनालिस्ट सतीश मीणा के मुताबिक मिंत्रा के पास ढेर सारे लॉयल कस्टमर्स हैं और इसका मार्केट शेयर भी बहुत बड़ा है, तो ऐसे में 10 रुपये के कन्वीन्यन्स फी से कारोबार पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। संतोष के मुताबिक यह कोई कठोर कदम नहीं है और अधिकतर खरीदार इसे नजरअंदाज कर देंगे। सूत्रों के मुताबिक मिंत्रा के 5 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स हैं।
प्रोडक्ट रिटर्न को लेकर क्या है कंपनी की स्ट्रैटजी
मिंत्रा ने इस साल की शुरुआत में ग्राहकों को अलर्ट करना शुरू कर दिया था कि अगर वे सामान्य से अधिक यानी एक तय लिमिट से ऊपर रिटर्न करते हैं तो उनसे या तो 149 रुपये का भारी-भरकम शुल्क लिया जाएगा या उनके अकाउंट सस्पेंड किए जा सकते हैं। अब कंपनी इससे निपटने के लिए ब्रांडों के साथ टाई-अप कर रही है जो ग्राहकों को चेकआउट के समय एक कूपन देगी और अगर वे इसका इस्तेमाल करते हैं तो डिस्काउंट मिलेगा लेकिन फिर प्रोडक्ट को रिटर्न नहीं कर सकते यानी कि नॉन-रिफंडेबल। हालांकि इसे मिंत्रा के ओपन-एंडेड एक्सचेंज सिस्टम के तहत साइट पर किसी और प्रोडक्ट से जरूर बदल सकते हैं। मिंत्रा ने 14 दिनों का रिटर्न विंडो है जो पहले 30 दिनों का था।