NCCF और NAFED 20 अगस्त से बेचेंगी 40 रुपये किलो टमाटर, जानें कब से कम होना शुरू हो सकती हैं कीमतें

धीरे धीरे कीमतें कम हो रही हैं लेकिन फिर भी कई सारी जगहों पर टमाटर 100 से 150 रुपये किलो के आस पास बिक रहा है। टमाटर की महंगी कीमत से आम आदमी को राहत देने के लिए सहकारी समितियां एनसीसीएफ और नाफेड 20 अगस्त से 40 रुपये प्रति किलोग्राम की कम दर पर टमाटर बेचना शुरू करेंगी

अपडेटेड Aug 18, 2023 पर 7:41 PM
Tomato Price: सहकारी समितियां एनसीसीएफ और नाफेड 20 अगस्त से 40 रुपये प्रति किलोग्राम की कम दर पर टमाटर बेचना शुरू करेंगी

Tomato Price: पिछले कुछ दिनों से देश के अधिकतर हिस्सों में सब्जियों खास तौर पर टमाटर की महंगी कीमतों ने आम आदमी को परेशान करके रखा है। हालांकि धीरे धीरे कीमतें कम हो रही हैं लेकिन फिर भी कई सारी जगहों पर टमाटर 100 से 150 रुपये किलो के आस पास बिक रहा है। टमाटर की महंगी कीमत से आम आदमी को राहत देने के लिए सहकारी समितियां एनसीसीएफ और नाफेड 20 अगस्त से 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर टमाटर बेचना शुरू करेंगी।

पिछले महीने से ही सहकारी समितियां बेच रहीं सस्ता टमाटर

पिछले महीने से, भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ लिमिटेड (NAFED) टमाटर की बढ़ती कीमतों को रोकने के लिए उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की ओर से रियायती दर पर टमाटर बेच रहे हैं। शुरुआत में सब्सिडी वाली दर 90 रुपये प्रति किलोग्राम तय की गई थी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक अंतिम बार खुदरा कीमत में संशोधन 15 अगस्त को 50 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया था, जो अब 20 अगस्त से घटकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इसमें कहा गया है कि अब तक, दोनों एजेंसियों द्वारा 15 लाख किलोग्राम से अधिक टमाटर खरीदे गए हैं और देश के प्रमुख उपभोग केंद्रों में खुदरा उपभोक्ताओं को बेचे जा रहे हैं।

Apple Price Hike: टमाटर के बाद अब सेब की कीमतें बढ़ने की आशंका, हिमाचल में भारी बारिश के कारण फसल बर्बाद


इन जगहों पर बेचे जा रहे सस्ते टमाटर

भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ लिमिटेड (NAFED) की तरफ से सस्ते दरों पर टमाटर दिल्ली-एनसीआर, जयपुर, कोटा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, मुजफ्फरपुर, आरा और बक्सर में बेचे जा रहे हैं। एनसीसीएफ और नेफेड आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर खरीद रहे हैं।

सितंबर की शुरुआत में कम हो सकती है टमाटर की कीमतें

वहीं टमाटर की कीमतों में धीरे-धीरे थोड़ी राहत मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आवक शुरू होने पर सितंबर की शुरुआत में मौजूदा कीमतों में भारी गिरावट की उम्मीद है। नेशनल कमोडिटीज मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड (NCML) के MD और CEO संजय गुप्ता कहते हैं, "चूंकि इस महीने के अंत तक आपूर्ति का दबाव बढ़ जाएगा, हमें उम्मीद है कि कीमतें काफी कम हो जाएंगी और सितंबर के मध्य तक 30 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच जाएंगी। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा रखे गए आंकड़ों के अनुसार, टमाटर की अखिल भारतीय औसत कीमत 14 जुलाई को 9,671 रुपये प्रति क्विंटल से घटकर 14 अगस्त को 9,195 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। जुलाई के मध्य में देश के कई हिस्सों में इस आम सब्जी की खुदरा कीमतें 250 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर चली गई थीं। वर्तमान में अधिकांश शहरों में कीमतें 80-120 रुपये प्रति किलोग्राम हैं, ताजा फसलें महाराष्ट्र और कर्नाटक से आ रही हैं।

इन राज्यों से टमाटर आने के बाद सस्ती होंगी कीमतें

गु्प्ता के मुताबिक हालांकि, केवल इन दो राज्यों की उपज देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इस महीने के अंत तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और आंध्र प्रदेश जैसे अन्य राज्यों से आवक शुरू होने पर कीमतों में और कमी आने की उम्मीद है। दरअसल, गुप्ता को उम्मीद है कि फसल की अधिकता के कारण अक्टूबर तक टमाटर की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। गुप्ता ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि अक्टूबर के मध्य तक थोक बाजारों में कीमतें 5-10 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर जाएंगी। यह सिर्फ एक लूप है जो बागवानी फसलों के साथ खुद को दोहराता रहता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।