देश में ऑनलाइन स्कैम और फ्रॉड (Online Fraud) के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन ऑनलाइन स्कैम का एक नया किस्सा सुनने को मिलता है। ऑनलाइन जालसाज इतने ज्यादा शातिर हो गए हैं कि आपकी एक छोटी से चूक भी आपके बैंक अकाउंट को पूरी तरह से खाली कर सकती है। अब एक जालसाजों ने फ्रॉड करने का एक नया तरीका खोज लिया है। साइबर अपराधी फेक ई-चालान के जरिए लोगों को बेवकूफ बना कर उनके पैसों पर हाथ साफ कर रहे हैं।
सरकार ने भी जारी किया है अलर्ट
फेक ई-चालान के जरिए लोगों को बेवकूफ बनाने के घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने भी एक अलर्ट जारी किया है। सरकार ने फेक ई-चालान के मैसेज से लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है। सरकार ने इस बारे में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि नए घोटाले की चेतावनी!!! ई-चालान घोटाला सावधान!! अगर आपको ट्रैफिक चालान का लिंक मिलता है तो इस पर क्लिक ना करें। भुगतान के लिए मिले लिंक पर क्लिक करते ही जालसाज आपका बैंक खाता हैक कर सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डीसीपी हेडक्वार्टर फरीदाबाद के साइबर ऑफिसर हेमेंद्र कुमार मीना ने बताया कि ई-चालान पेमेंट से जुड़े स्कैम काफी तेजी से बढ़े हैं। इसके लिए साइबर अपराधी नकली मैसेज लोगों को भेज रहे हैं। ये मैसेज काफी हद तक असली चालान के मैसेज की तरह से ही लगते हैं। इनमें मालीशस लिंक भी शामिल होता है। साइबर अपराधी लोगों को ऐसे मैसेज भेजते हैं जो एकदम ट्रैफिक पुलिस के मैसेज के जैसे लगते हैं। इस मैसेज में एक लिंक भी दिया गया होता है। जैसे ही आप उस लिंक पर क्लिक करेंगे आप एक फर्जी वेबसाइट पर चले जाएंगे। यह वेबसाइट भी एक दम ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट के जैसे ही लगती है। जिस पर आपको अपनी कुछ निजी जानकारियों के साथ जुर्माना भरने को कहा जाता है।
ट्रैफिक पुलिस की असली ऑफीशियल वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in/ है। जबकि साइबर अपराधी https://echallan.parivahan.in/ नकली वेबसाइट का इस्तेमाल कर रहे हैं। नकली वेबसाइट में .gov नहीं है। इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए किसी भी ऐसे लिंक पर कभी भी क्लिक ना करें जो कि आपको देखने से फर्जी लगता हो। वहीं अगर आपको ई-चालान मिला है तो आप सीधे ट्रैफिक पुलिस से भी संपर्क कर सकते हैं।