Paytm: फिनटेक दिग्गज Paytm ने हाल ही में ग्राहकों से मोबाइल रिचार्ज पर सर्विस चार्ज वसूलना शुरू किया है। पेमेंट्स प्लेटफॉर्म यूजर्स से बीच में पैसे चार्ज कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रिचार्ज वैल्यू के आधार पर 1 से 6 रुपये तक सुविधा शुल्क लिया जा रहा है। ये फीस 100 रुपये या उससे अधिक के रिचार्ज पर वसूली जा रही है। ये यूपीआई, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड सभी तरीके से किये जा रहे प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज पेमेंट पर लिया जा रहा है। यह सर्विस चार्ज मार्च में पहली बार कुछ ग्राहकों पर लगाया गया। हालांकि, इस पर Paytm की तरफ से कोई सफाई नहीं आई है कि वो चार्ज ले रहे हैं या नहीं।
कुछ ग्राहकों पर लगाया गया चार्ज
मोबाइल रिचार्ज पर सर्विस चार्ज कुछ ग्राहकों के ग्रुप पर लगाया गया। ये सभी कस्टमर्स पर नहीं लगाया गया है। इस पर Paytm की तरफ से कोई बयान नहीं दिया गया है कि वह सर्विस चार्ज ले रहे हैं या नहीं। हालांकि, साल 2019 में ट्विट के जरिये उन्होंने कहा था कि मोबाइल रिचार्ज पर वह किसी भी तरह का सर्विस चार्ज नहीं ले रहे हैं।
Paytm ऐसा करने वाला बना दूसरा प्लेटफॉर्म
PhonePe के बाद Paytm अपने ग्राहकों से सर्विस चार्ज लेने वाला दूसरा मोबाइल रिचार्ज प्लेटफॉर्म बन गया है। PhonePe ने पिछले साल अक्टूबर में घोषणा की थी कि वह उपभोक्ताओं से 50 रुपये या उससे अधिक के मोबाइल प्रीपेड रिचार्ज पर प्रोसेसिंग फीस ले रहा है। फ्लिपकार्ट के स्वामित्व वाली डिजिटल भुगतान कंपनी फोनपे ने दावा किया कि यह एक छोटे स्तर पर किया गया प्रोजेक्ट था कुछ ग्राहकों ने कहा कि उन्होंने हर बार रिचार्ज करते समय सर्विस चार्ज देखा। सालों से डिजिटल पेमेंट ऐप ग्राहकों को मुफ्त मोबाइल रिचार्ज सेवाएं दे रहे हैं। इसमें सिर्फ वास्तविक कीमत देनी होती है।